MI Vs PBKS: पंजाब के खिलाफ बुमराह कर रहे मुंबई की कप्तानी, टीम के नाम दर्ज हुआ बड़ा रिकॉर्ड

डिजिटल डेस्क, धर्मशाला। आईपीएल 2026 का 58वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच धर्मशाला में खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टीम की कमान संभाल रहे हैं। उन्हें 156 आईपीएल मुकाबलों के बाद पहली बार ये जिम्मेदारी मिली है। इसी के साथ मुंबई ने इतिहास रच दिया है। दरअसल, वह आईपीएल इतिहास की ऐसी पहली टीम बन गई है, जिसके लिए एक ही सीजन में 3 भारतीय प्लेयर्स ने कप्तानी की है।
यह भी पढ़े -आईपीएल 2026 धर्मशाला में पंजाब किंग्स-मुंबई इंडियंस के बीच जंग, फैंस को पीबीकेएस के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद
हार्दिक-सूर्या दोनों नहीं खेल रहे
इस मैच में टीम के रेगुलर कप्तान हार्दिक पांड्या और स्टैंड-इन कप्तान सूर्यकुमार यादव नहीं खेल रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हार्दिक और सूर्यकुमार अलग-अलग कारणों से धर्मशाला में खेले जा रहे इस मुकाबला का हिस्सा नहीं बन पाए हैं। जहां, हार्दिक अभी भी पीठ की ऐंठन से उबर रहे हैं। वहीं, सूर्यकुमार अपने परिवार के साथ हैं, खासकर अपनी बेटी रिद्धिमा के साथ, जिनका जन्म पिछले हफ्ते ही हुआ है। इस कंडीशन में बुमराह को पंजाब के खिलाफ टीम की कमान सौंपी गई है। बुमराह का बतौर कप्तान आईपीएल का यह पहला मैच है और अपने पहले ही मुकाबले में उन्होंने टॉस जीता है।
यह भी पढ़े -आईपीएल 2026 एमआई के कप्तान जसप्रीत बमुराह ने टॉस जीत लिया गेंदबाजी का फैसला, पंजाब किंग्स की नजर बड़ी जीत पर
इस मामले में टॉप-2 पर पहुंचे बुमराह
इसी के साथ बुमराह सबसे ज्यादा आईपीएल मैच खेलने के बाद कप्तानी संभालने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में पहले पायदान पर रवींद्र जडेजा हैं, जिन्होंने 200 मुकाबलों के बाद पहली बार आईपीएल मैच में कमान संभाली थी।लिस्ट में तीसरे स्थान पर मनीष पांडे हैं, जिन्होंने 153 मुकाबलों के बाद पहली बार कप्तानी की थी। वहीं, अक्षर पटेल (148) और कीरोन पोलार्ड (137) चौथे और पांचवें स्थान पर हैं।
बता दें कि जसप्रीत बुमराह साल 2013 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे। तब से लेकर अभी तक वह मुंबई टीम का ही हिस्सा हैं। अपने आईपीएल करियर में बुमराह ने 156 मुकाबलों में 186 विकेट लिए हैं। हालांकि, आईपीएल का मौजूदा सीजन उनके लिए अभी तक अच्छा नहीं रहा है। बुमराह ने आईपीएल 2026 में 11 मैचों में केवल 3 विकेट लिए हैं। इस दौरान 8 मैच ऐसे रहे हैं जिसमें उन्होंने कोई विकेट नहीं लिया है।
Created On :   14 May 2026 8:35 PM IST









