Bhopal News: स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में जनता दे रही फीडबैक

डिजिटल डेस्क, भोपाल। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के 406 नगरों में नवीन व्यवस्था के अनुरूप कार्य योजना तैयार की गई है, जिसमें अपशिष्ट प्रबंधन और दृश्य स्वच्छता के साथ नागरिक संवाद को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। महाभियान में तकनीक और पारदर्शिता के साथ आम जनता का फीडबैक लिया जा रहा। नागरिक क्यूआर कोड को स्कैन कर अपना फीडबैक दे सकते हैं। अब तक 19 लाख से अधिक नागरिकों ने इसमें फीडबैक दिया है। स्वच्छता सर्वेक्षण में नागरिक फीडबैक और जन-शिकायत निवारण (ग्रीवेंस रिड्रेसल) को मुख्य आधार बनाया गया है।
पूर्ववर्ती सर्वेक्षणों की तुलना में इस बार रैंकिंग की गणना में नागरिकों की प्रतिक्रिया और उनकी शिकायतों के त्वरित व प्रभावी समाधान को अत्यधिक महत्व और वेटेज दिया गया है। इससे स्वच्छता के प्रबंधन अब प्रशासनिक सक्रियता तक सीमित न रखकर इसे नागरिक-केंद्रित बनाया जा रहा। यानी धरातल पर काम आधार बनेगा। नगरीय विकास एवं आवास आयुक्त श्री संकेत भोंडवे ने कहा है कि विशाल जन-समर्थन को एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है, जो आगामी रैंकिंग में प्रदेश के शहरों की स्थिति को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
Created On :   14 May 2026 8:46 PM IST









