Wimbledon Final: अपने क्रिकेट आइडल के साथ विंबलडन फाइनल देखने पहुंचे वैभव और अभिषेक, बताया किसे कर रहे सपोर्ट

अपने क्रिकेट आइडल के साथ विंबलडन फाइनल देखने पहुंचे वैभव और अभिषेक, बताया किसे कर रहे सपोर्ट
भारत क्रिकेट के यंग स्टार वैभव सूर्यवंशी और तूफानी ओपनर अभिषेक शर्मा विंबलडन 2026 का फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे। उनके साथ पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह भी थे, जो कि दोनों के ही क्रिकेट आइडल हैं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारत क्रिकेट के यंग स्टार वैभव सूर्यवंशी और तूफानी ओपनर अभिषेक शर्मा विंबलडन 2026 का फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे। उनके साथ पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह भी थे, जो कि दोनों के ही क्रिकेट आइडल हैं। खिताबी मुकाबला अलेक्जांडर ज्वेरेव और जानिक सिनर के बीच खेला जाना है।

सूट-बूट में पहुंचे तीनों क्रिकेटर्स

युवराज सिंह, वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा सूट-बूट में विंबलडन का फाइनल मैच देखने पहुंचे। दिखने में तीनों ही किसी हीरो से कम नहीं लग रहे थे। इस दौरान वैभव ने अपने फेवरेट टेनिस खिलाड़ी का भी नाम लिया।

जियोस्टार' से बात करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने उन टेनिस खिलाड़ियों के बारे में बताया जिन्हें वह सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। वैभव ने कहा, "मैं पिछले 4-5 वर्षों से टेनिस को फॉलो कर रहा हूं। मैं नडाल और जोकोविच को बहुत देखता था। अब मैं जोकोविच का बहुत बड़ा फैन हूं, लेकिन ये दोनों ही ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें मैंने हमेशा करीब से फॉलो किया है।"

वहीं, जब वैभव से पूछा गया कि वह डबल्स टेनिस पार्टनर के रूप में किसे चुनेंगे? वैभव ने इसके जवाब में अभिषेक शर्मा का नाम लिया। उन्होंने कहा, "मैं अभिषेक भैया को चुनूंगा। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मेरे ओपनिंग पार्टनर हैं। मुझे उनके साथ बैटिंग करने में बहुत मजा आता है, इसलिए मैं उन्हें ही अपने डबल्स टेनिस पार्टनर के तौर पर भी चुनूंगा।"

यहां आकर सपना पूरा हुआ - अभिषेक शर्मा

अभिषेक शर्मा ने विंबलडन 2026 फाइनल देखने का अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, "असल में विंबलडन आना मेरे सपनों में से एक था। फाइनल वाले दिन यहां होना इसे और भी खास बनाता है। मैं बस मैच का लुत्फ उठाने वाला हूं। मैं हमेशा से राफेल नडाल को अपना आदर्श मानता रहा हूं। उनकी काम करने की लगन, उनका रवैया और जिस तरह से उन्होंने इतने वर्षों तक इस खेल पर दबदबा बनाए रखा– वह निश्चित रूप से ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें मैं बहुत पसंद करता हूं।"

Created On :   13 July 2026 12:35 AM IST

Tags

Next Story