Lord's Women's Test: टीम इंडिया की पहली पारी 285 रन पर सिमटी, मंधाना के अलावा हरमन और दीप्ति ने भी लगाए अर्धशतक, इंग्लैंड- 21/1

डिजिटल डेस्क, भोपाल। लॉर्ड्स में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में भारत की पहली पारी 285 रन पर सिमट गई। टीम के लिए स्मृति मंधाना, कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने फिफ्टी लगाई। वहीं इंग्लैंड की तरफ से सोफी एक्लेस्टन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 1 विकेट के नुकसान पर 21 रन बना लिए हैं। अपने इंटरनेशनल करियर के आखिरी मैच में इंग्लिश बैटर टैमी ब्यूमोंट केवल 2 रन बनाकर क्रांति गौड़ का शिकार बनीं। माया बाउशियर और हीदर नाइट खेल रही हैं।
यह भी पढ़े -विंबलडन में पहुंचे शुभमन गिल, सचिन तेंदुलकर के साथ बैठे नजर आए, फैंस बोले - दामाद और सास-ससुर एक साथ..
भारतीय पारी की बात करें तो टीम को पहला झटका शुरुआत में लग गया। ओपनर शेफाली वर्मा बिना खाता खोले पवेलियन रवाना हो गईं। उन्हें लॉरेन फिलर ने आउट किया। इसके कुछ समय बाद यास्तिका भाटिया भी पवेलियन रवाना हो गईं, वह 12 रन बनाकर लॉरेन बेल का शिकार बनीं। 37 रन पर टीम के दो विकेट गिर गए थे। इसके बाद स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स ने तीसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़कर पारी को संभाला। जेमिमा 35 रन बनाकर इजी वोंग की गेंद पर बोल्ड हो गईं।
जेमिमा के आउट होने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत क्रीज पर आईं। उन्होंने मंधाना के साथ चौथे विकेट के 89 रन की अहम साझेदारी की। मंधाना ने 83, हरमनप्रीत ने 58 और दीप्ति शर्मा ने 57 रन की पारी खेली। अन्य कोई बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सका। टीम के आखिरी 4 विकेट 11 रन पर गिर गए।
यह भी पढ़े -आखिरी टी20 में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनेंगे संजू सैमसन, ये धुआंधार बैटर होगा बाहर! देखें भारत की पॉसिबल प्लेइंग-11
इंग्लैंड की ओर से एक्लेस्टन के अलावा इजी वॉन्ग, लॉरेन फिलर और मैडी विलियर्स ने 2-2 विकेट लिए। लॉरेन बेल को एक सफलता मिली।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यस्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, सयाली सतघरे, श्री चरणी, क्रांति गौड़।
इंग्लैंड: टैमी ब्यूमोंट, माया बाउशियर, हीदर नाइट, नैट सिवर-ब्रंट (कप्तान), एलिस कैप्सी, एमी जोन्स (विकेटकीपर), मैडी विलियर्स, सोफी एक्लेस्टोन, इजी वोंग, लॉरेन बेल, लॉरेन फिलर।
Created On :   11 July 2026 1:59 AM IST













