National Film Awards 2026: राष्ट्रीय पुरस्कारों में समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने सितारों से की अपील बोलीं-'ऐसे प्रोडक्ट्स का प्रचार न करें...'

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बीते दिन गुजरात के एकता नगर में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का आयोजन हुआ था। जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कलाकारों को उनके सिनेमा जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कार दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ हुआ। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने समारोह को संबोधित किया और सभी विजेताओं को बधाई दी। वहीं इस दौरान उन्होंने सितारों से कुछ खास अपील भी की है।
ऐसे प्रोडक्ट्स का प्रचार न करें...
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को पॉपुलर फिल्म कलाकारों से अपील की कि वे ऐसे प्रोडक्ट्स का प्रचार न करें, जो लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हैं।उन्होंने कहा, 'जब सफल कलाकार अनुशासित जीवनशैली के फायदों के बारे में बात करते हैं, तो लाखों बच्चे और युवा उन्हें देखकर वैसा ही करने की कोशिश करते हैं। मैं पॉपुलर कलाकारों से अपील करती हूं कि वे ऐसे प्रोडक्ट्स का प्रचार न करें, जो लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हैं। एक सच्चा स्टार वही है, जो रोशनी फैलाता है, अंधेरा नहीं।'
महिलाओं की ज्यादा भागीदारी की कही बात
राष्ट्रपति ने नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के लिए फिल्मों का चयन करने वाली जूरी में महिलाओं की ज्यादा भागीदारी की भी बात कही। उन्होंने कहा, 'मैं चाहती हूं कि हर क्षेत्रीय जूरी में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो।' राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि समारोह में कई महिलाओं को पुरस्कार मिले हैं और जूरी में भी महिलाओं का प्रतिनिधित्व होना चाहिए।
यह भी पढ़े -'बिग बॉस-20' में कुशाल तंवर गुल्लू का इमोशनल ब्रेकडाउन, कहा-4 महीने में टूटी शादी, फैमिली ने तोड़ा था नाता
छोटे कलाकारों के लिए कही ये बात
उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से अपील की कि वह उन वर्कर्स, छोटे कलाकारों, असिस्टेंट्स और दूसरे लोगों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा का ध्यान रखे, जो अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष करते हुए क्रिएटिव इकॉनमी में योगदान दे रहे हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, 'कृपया यह सुनिश्चित करें कि इस इंडस्ट्री में योगदान देने वाले वर्कर्स, छोटे कलाकारों, असिस्टेंट्स और अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे लोगों को सम्मान के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा भी मिले।'
Created On :  
