Anupam Kher Demand: ‘जा सिमरन जा’ वाले रेलवे ट्रैक पर पहुंचे अनुपम खेर, सरकार से की इसे पर्यटन स्थल बनाने की मांग

‘जा सिमरन जा’ वाले रेलवे ट्रैक पर पहुंचे अनुपम खेर, सरकार से की इसे पर्यटन स्थल बनाने की मांग
अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी सुपरहिट फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे की पुरानी यादों को एक बार फिर ताजा किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी सुपरहिट फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे की पुरानी यादों को एक बार फिर ताजा किया। अनुपम उस मशहूर रेलवे ट्रैक पर पहुंचे, जहां फिल्म का आइकॉनिक ‘जा सिमरन जा, जी ले अपनी जिंदगी’ सीन शूट किया गया था। यह लोकेशन महाराष्ट्र के रायगढ़ स्थित आप्टा रेलवे स्टेशन की है, जहां 32 साल बाद फिर शूटिंग करना उनके लिए बेहद भावुक अनुभव रहा।

अनुपम खेर ने शेयर किया वीडियो

अनुपम खेर ने अपने सोशल अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह उसी रेलवे प्लेटफॉर्म पर नजर आए। वीडियो में उन्होंने बताया कि यहीं पर फिल्म का क्लाइमैक्स शूट हुआ था, जब सिमरन बनीं काजोल दौड़ते हुए राज यानी शाहरुख खान का हाथ पकड़कर ट्रेन में चढ़ती हैं। यह सीन हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार दृश्यों में गिना जाता है। अनुपम ने पोस्ट में लिखा कि उन्हें यकीन नहीं होता कि इतने साल बीत चुके हैं।

क्या बोले अनुपम खेर?

उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान किसी ने नहीं सोचा था कि यह दृश्य भारतीय सिनेमा के इतिहास का सबसे लोकप्रिय पल बन जाएगा। अभिनेता ने महाराष्ट्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि आप्टा स्टेशन को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, क्योंकि दुनियाभर में फिल्मों की लोकेशन्स लोगों की भावनाओं और यादों का हिस्सा बन जाती हैं। साल 1995 में रिलीज हुई ‘डीडीएलजे’ का निर्देशन आदित्य चोपड़ा ने किया था। यह फिल्म हिंदी सिनेमा की सबसे सफल और कल्ट फिल्मों में गिनी जाती है।

Created On :   11 May 2026 5:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story