Thalapathy Vijay: CM बनने पर फिल्म जगत में खुशी का माहौल, कमल हासन से लेकर प्रभुदेवा तक सभी ने दी शुभकामनाएं

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार और TVK (तमिलगा वेट्री कज़गम) चीफ जोसेफ थलापति विजय ने 10 मई को तमिलनाडु के नए CM के रूप में शपथ ली। उनके शपथ समारोह का यह कार्यक्रम चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू क्रिकेट स्टेडियम में रखा गया था। फिल्म जगत से जुड़े कई बड़े सितारों ने विजय को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में तमिलनाडु के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कमल हासन ने दी बधाई
अभिनेता व राजनेता कमल हासन ने एक्स पर लिखा, 'टीवीके अध्यक्ष व तमिलनाडु के मुख्यमंत्री मेरे भाई विजय के नेतृत्व में राज्य लगातार चमके और नई ऊंचाइयों को हासिल करे।'
प्रकाश राज ने किया रिएक्ट
अभिनेता प्रकाश राज ने भी विजय को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा, 'मुख्यमंत्री विजय को हार्दिक शुभकामनाएं. आपको नई जिम्मेदारी में सफलता मिले। आपके शासन में तमिलनाडु और ज्यादा समृद्ध व मजबूत होगा।'
पवन कल्याण ने दी बधाई
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण ने भी विजय को बधाई दी है। उन्होंने लिखा, 'तमिलनाडु के सीएम के रूप में शपथ लेने पर विजय को हार्दिक शुभकामनाएं। साथ ही शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को भी बधाई। मेरी कामना है कि नई सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरे, पारदर्शी शासन दे और तमिलनाडु को विकास व समृद्धि की नई राह पर आगे बढ़ाए।'
विष्णु मांचू ने शेयर किया पोस्ट
वहीं, अभिनेता विष्णु मांचू ने विजय को नए सफर देते हुए लिखा, 'क्या सफर रहा, क्या पॉलिटिकल ड्रामा रहा और क्या ऐतिहासिक अंत रहा। विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई। सिल्वर स्क्रीन से लेकर भारत के सबसे ऐतिहासिक और शक्तिशाली राज्यों में से एक पर शासन करने तक, यह एक शानदार सफलता रही है। तमिलनाडु के लोगों के लिए बड़ा बदलाव लाने के लिए आपको शक्ति, समझदारी और सफलता की बधाई देता हूं। लाखों लोगों ने आप पर विश्वास किया। अब इतिहास आपको देख रहा है। बहुत-बहुत शुभकामनाएं. हर हर महादेव।'
संतोष नारायणन ने जताई खुशी
वहीं, मशहूर संगीतकार संतोष नारायणन ने लिखा, 'सीएम विजय को हार्दिक शुभकामनाएं। यह तमिलनाडु के लिए नई सोच और नई शुरुआत का मौका है। पहली बार करोड़ों आम लोग राजनीति में सक्रिय रूप से भागीदारी निभाने को लेकर उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। यह एक ऐतिहासिक बदलाव है. विजय के नेतृत्व में राज्य का भविष्य उज्ज्वल होगा।'
शत्रुघ्न सिन्हा ने किया ट्वीट
अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने एक्स पोस्ट पर लिखा, 'तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले थलापति विजय को हार्दिक बधाई। आप असल में इसके हकदार हैं। मेरी ओर से आपको और आपकी टीम को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं। ईश्वर कृपा करें। जय हिंद।'
Created On :   10 May 2026 8:48 PM IST












