AR Rahman Son Ameen Accident: ए.आर. रहमान के बेटे आमीन का हुआ कार एक्सीडेंट, कैब में सवार को भी आई चोट, जानें पूरा मामला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मशहूर म्यूजिक कंपोजर ए.आर. रहमान के बेटे ए.आर. आमीन को लेकर एक बुरी खबर सामने आ रही है। वे सोमवार तड़के चेन्नई में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। बता दें कि, ए.आर. आमीन एक सिंगर और परफॉर्मर हैं, जो कई म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके हैं और अपने पिता ए.आर. रहमान के साथ कई कॉन्सर्ट्स में भी नजर आ चुके हैं।
यह भी पढ़े -पृथ्वीराज सुकुमारन की 'खलीफा' से सामने आया शम्मी थिलकन का लुक, राघवन के किरदार में दिखेंगे एक्टर
क्या है पूरा मामला?
आईएएनएस के मुताबिक ए.आर. अमीन का सोमवार सुबह चेन्नई में सड़क हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ, जब आमीन अपने एक दोस्त के साथ कार में गुइंडी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी ओलंपिया टेक पार्क के पास पहुंची, तभी एक कैब साइड रोड से अचानक मैन सड़क पर आ गई, जिससे दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में अमीन और उनके दोस्त को हल्की चोटें आईं।दोनों को तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। इलाज के बाद दोनों को डिस्चार्ज कर दिया गया और वे घर लौट गए।
कैब में सवार यात्री को भी आई चोट
कैब में सवार एक यात्री भी इस दुर्घटना में घायल हुआ था, जिसे इलाज के लिए कलाईनार सेंटेनरी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। उसे भी इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस का कहना है कि इस हादसे में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है, हालांकि दोनों गाड़ियों को नुकसान जरूर हुआ है। फिलहाल आद्यार ट्रैफिक इन्वेस्टिगेशन विंग इस मामले की जांच कर रही है।
Created On :   10 Aug 2026 1:58 PM IST












