बदला सिनेमा, नहीं बदली आस्था, ‘हनुमान अंश’ से ‘रामायण’ तक बड़े पर्दे पर लौट रहीं पौराणिक कथाएं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कभी बड़े पर्दे पर पौराणिक कथाएं सिनेमा की सबसे बड़ी ताकत हुआ करती थीं। फिर दौर बदला, विषय बदले और दर्शकों की पसंद भी बदली, लेकिन राम, कृष्ण, हनुमान और उनके आसपास बुनी गई कहानियां कभी दर्शकों से पूरी तरह दूर नहीं हुईं। आज तकनीक पहले से कहीं आगे है, कैमरे बदल चुके हैं, दृश्य ज्यादा भव्य हो गए हैं और कहानियां कहने का अंदाज भी नया है, लेकिन सदियों पुरानी आस्था और कथाओं का आकर्षण अब भी कायम है। यही वजह है कि 2026 में एक बार फिर बड़े पर्दे पर पौराणिक फिल्मों का दौर लौटता नजर आ रहा है। मुंबई में फिल्म महाकाव्य श्री रामायण कथा का ट्रेलर लांच हुआ जो 25 सितंबर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
हनुमान अंश ने किया कमाल
इस नए दौर की दिलचस्प शुरुआत ‘हनुमान अंश’ से हुई। बेहद सीमित बजट में बनी यह फिल्म शुरुआत में लगभग गुमनामी में रिलीज हुई थी। पहले दो हफ्तों में फिल्म की कमाई महज 1.48 करोड़ रुपए रही, लेकिन इसके बाद दर्शकों की जुबानी चर्चा ने तस्वीर बदल दी। तीसरे सप्ताह से फिल्म की कमाई तेजी से बढ़ी और देखते ही देखते यह साल की बड़ी बॉक्स ऑफिस सफलताओं में शामिल हो गई। 16 सितंबर तक फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 291.40 करोड़ रुपए पहुंच चुका था।
रिलीज हुआ ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का ट्रेलर
इसी कड़ी में 17 सितंबर को ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का ट्रेलर जारी किया गया। फिल्म में देव शर्मा श्रीराम, अंजलि अरोड़ा सीता और रजनीश दुग्गल रावण की भूमिका में हैं। फिल्म 25 सितंबर को हिंदी और छत्तीसगढ़ी में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर में राम-सीता के विवाह से लेकर वनवास और सीता हरण तक की कथा की झलक दिखाई गई है। फिल्म का ट्रेलर जब सामने आया तो इसे दर्शकों की खास प्रतिक्रिया नहीं मिली। दैनिक भास्कर से बात करते हुए फिल्म के निर्देशक अभिषेक सिंह ने बताया कि मैं 2 साल से फिल्म की शूटिंग कर रहा हूं। हमने गुजरात, मुंबई और अयोध्या में इसकी शूटिंग पूरी की। भले ट्रेलर को अच्छा रिस्पांस नहीं मिला लेकिन मुझे पता है कि फिल्म पसंद आएगी। मैंने कई सीरियल्स फिल्मों को असिस्ट किया है, हर निर्देशक का एक सपना होता है कि वो इस महान महाकाव्य पर कुछ बनाए।
पौराणिक कहानियों का नया दौर,
राम से कृष्ण और हनुमान तक बड़े पर्दे पर दिखेंगे देवों के नए रूप
पौराणिक कहानियां भारतीय दर्शकों के लिए कभी सिर्फ फिल्म की कहानी नहीं रही हैं। राम, कृष्ण, हनुमान और शिव जैसे किरदारों से जुड़ी कथाएं पीढ़ियों से लोगों की आस्था और संस्कृति का हिस्सा रही हैं। यही वजह है कि तकनीक और कहानी कहने के अंदाज में बदलाव के बावजूद माइथोलॉजी फिल्मों का आकर्षण लगातार बना हुआ है।
रणबीर की ‘रामायण’ के दो भाग
इस कड़ी में सबसे ज्यादा चर्चा नितेश तिवारी की ‘रामायण’ की है। फिल्म दो हिस्सों में रिलीज होगी। पहले भाग में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में हैं। यश रावण, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 पर रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर आएगा।
राम से कृष्ण की ओर बढ़ेगा सफर
पौराणिक फिल्मों की इस सूची में ‘महावतार रघुनंदन’ भी शामिल है, जो भगवान राम की कथा पर आधारित होगी और 2029 में रिलीज होने की जानकारी है। वहीं ‘महावतार द्वारकाधीश’ में भगवान कृष्ण और द्वारका से जुड़ी कथा को दिखाया जाएगा। यह फिल्म 2031 में आने वाली है। ‘कृष्णावतारम’ भी इसी सिलसिले को आगे बढ़ाएगी। इसके पहले भाग में कृष्ण के शुरुआती जीवन की कहानी दिखाई गई थी। फिल्म के आगे दो और भाग आने हैं, हालांकि दूसरे भाग की रिलीज डेट अभी घोषित नहीं हुई है।
हनुमान पर भी दो बड़े प्रोजेक्ट
भगवान हनुमान से जुड़ी कहानियां भी बड़े पर्दे पर लौट रही हैं। प्रशांत वर्मा की ‘जय हनुमान’ में ऋषभ शेट्टी हनुमान की भूमिका निभाएंगे। फिल्म 2027 में रिलीज होने की जानकारी है। वहीं ‘चिरंजीवी हनुमान- द इटरनल’ के भी 2026 में रिलीज होने की चर्चा है। इसका निर्देशन राजेश मापुस्कर कर रहे हैं।
शिव और परशुराम की भी एंट्री
भगवान शिव की कहानी पर आधारित एनिमेटेड फिल्म ‘शिवा- द आदियोगी’ 2027 में रिलीज होने वाली है। इसी साल दिसंबर में ‘महावतार परशुराम’ भी आएगी, जो भगवान विष्णु के छठे अवतार माने जाने वाले परशुराम की कथा पर केंद्रित होगी। यह फिल्म एक बड़े दशावतार आधारित सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा बताई जा रही है।
पौराणिक रंग में दिखेगी ‘वृषकर्म’
इन फिल्मों से अलग ‘वृषकर्म’ भी चर्चा में है। नागा चैतन्य अभिनीत यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी। कार्तिक वर्मा दंदु के निर्देशन में बन रही फिल्म को डार्क सुपरनैचुरल कहानी के रूप में पेश किया जा रहा है। इसमें मीनाक्षी चौधरी और स्पर्श श्रीवास्तव भी नजर आएंगे। यानी आने वाले कुछ सालों में बड़े पर्दे पर सिर्फ एक रामायण नहीं, बल्कि राम, कृष्ण, हनुमान, शिव और परशुराम से जुड़ी कई कथाएं अलग-अलग सिनेमाई रूपों में देखने को मिलेंगी। दिलचस्प यह होगा कि सदियों पुरानी इन कहानियों को नई तकनीक, भव्यता और आधुनिक फिल्म निर्माण किस तरह नए दर्शकों तक पहुंचाता है।
Created On :   18 Sept 2026 3:53 PM IST












