Pranit More Apologises: '370 की बिरयानी' वाले मामले पर प्रणित मोरे ने फिर मांगी माफी, कहा- मैं इस नफरत का हकदार हूं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मशहूर स्टैंड अप कॉमेडियन और बिग बॉस कंटेस्टेंट प्रणित मोरे इन दिनों एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। और सोशल मीडिया पर भारी विरोध और आलोचना झेलने के बाद उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट कर दिया है। हाल ही में प्रणित मोरे के एक लाइव शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। शो के दौरान दर्शकों के बीच बैठे हिमांशु जांगरा नाम के एक लड़के ने महिलाओं को लेकर बेहद आपत्तिजनक बात कही। अब '370 की बिरयानी' वाले वायरल क्लिप पर ऑनलाइन हो रही आलोचनाओं के बीच स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि वे इस आलोचना के हकदार हैं और लोगों से एक और मौका देने की गुजारिश की।
मोरे ने क्या कहा?
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में मोरे ने कहा 'मैं आप सभी से इस बारे में बात करना चाहता था, लेकिन मेरा इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड हो गया था। आपने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा क्राउड-वर्क वीडियो देखा होगा। इसकी वजह से मुझे बहुत नफरत मिल रही है।' कॉमेडियन ने माना कि परफॉर्मेंस के दौरान जब गलत बातें कही गईं, तो उन्होंने दखल न देकर गलती की। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि मैं इस नफरत का हकदार हूं। क्राउड-वर्क सेशन के दौरान, उस आदमी ने कई अपमानजनक बातें कहीं। सब हंस रहे थे और मैं भी बहक गया। यह मेरी समझ की कमी थी। मेरा मानना है कि यह मेरी सबसे बड़ी गलती थी। मैं उस समय स्टैंड ले सकता था लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया।'
मोर ने माना कि उनके रिएक्शन से उन बातों को बढ़ावा मिला और स्थिति और बिगड़ गई। मोरे ने आगे कहा 'मैंने उन बातों को मंच दिया और वहां से मामला और बिगड़ गया। मैं उन सभी से माफी मांगना चाहता हूं, जिन्हें इससे दुख पहुंचा है। जो भी कानूनी कार्यवाही चल रही है, उसमें मैं अधिकारियों का सहयोग कर रहा हूं। मैं आप सभी से एक मौका देने का अनुरोध करता हूं। मैं एक बेहतर इंसान बनूंगा। मैं खुद पर और अपने कंटेंट पर काम कर रहा हूं। आप इसे मेरे भविष्य के काम में देखेंगे।'
Created On :   13 Jun 2026 1:05 PM IST












