PIB Fact Check: क्या लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की घटना में केंद्रीय गृह मंत्री के रिश्तेदार की संलिप्तता है? जानें क्या है वायरल दावे का सच

क्या लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की घटना में केंद्रीय गृह मंत्री के रिश्तेदार की संलिप्तता है? जानें क्या है वायरल दावे का सच
पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की घटना में केंद्रीय गृह मंत्री के रिश्तेदार की संलिप्तता का दावा सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। बीते दिनों पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में छात्र के यौन उत्पीड़न का मामला चर्चा में रहा। उत्पीड़न की अफवाह के बाद छात्रों ने खूब बवाल किया। इस दौरान कैंपस में आगजनी और तोड़फोड़ की गई। मामले पर यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने साफ किया कि यह सब अफवाह के चलते हुआ। साथ ही ये भी कहा कि उपद्रव में स्टूडेंट्स नहीं बल्कि एंटी-सोशल एलिमेंट शामिल थे।

इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर कई दावे वायरल हो रहे हैं। इसी क्रम में एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कथित तौर पर पंजाब पुलिस के एक अधिकारी को लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की घटना में केंद्रीय गृह मंत्री के एक रिश्तेदार की संलिप्तता का दावा करते हुए दिखाया गया है।

पड़ताल

भारत सरकार की फैक्ट चेक एजेंसी पीआईबी फैक्ट चेक ने बताया कि वायरल वीडियो डिजिटल रूप से हेरफेर किया गया और नकली है। एजेंसी ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर कहा कि भ्रामक प्रभाव पैदा करने के लिए एआई तकनीक का उपयोग करके वीडियो में बदलाव किया गया है।

इसके साथ ही पीआईबी फैक्ट चेक ने लोगों से अपील की है कि वे असत्यापित वीडियो या दावे शेयर न करें। जानकारी को आगे साझा करने से पहले विश्वसनीय स्रोतों से इसकी जांच करें।

ऐसे कराएं फैक्ट चेक

अगर आपके पास भी इस तरह की कोई जानकारी मैसेज, वीडियो या फिर ऑडियो के जरिए आती है उस पर सीधे भरोसा न करें। आप उसकी सच्चाई जानने के लिए पीआईबी की मदद ले सकते हैं। इसके लिए आपको पीआईबी के ऑफिशियल वेबसाइट https://factcheck.pib.gov.in/ पर विजिट करना होगा। इसके अलावा आप वाट्सएप नंबर +918799711259 या ईमेल आईडी pibfactcheck@gmail.com पर भी मैसेज या वीडियो भेज कर फैक्ट चेक करा सकते हैं।

Created On :   30 Sept 2026 3:07 PM IST

Tags

Next Story