- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- 'धुरंधर 2' की सफलता के बाद रणवीर...
फैक्ट चेक: 'धुरंधर 2' की सफलता के बाद रणवीर सिंह नहीं गए काशी विश्वनाथ मंदिर, 2024 का वीडियो हो रहा वायरल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोगों में 'धुरंधर 2 द रिवेंज' का क्रेज देखने को मिल रहा है। मूवी बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार कमाई कर रही है। इस बीच एक्टर रणवीर सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तूल पकड़ता जा रहा है जिसमें उन्हें मंदिर में जाते हुए देखा जा सकता है। लोगों का दावा है कि मूवी में मेन रोल में नजर आ रहे एक्टर 'धुरंधर 2' की सफलता के बाद विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और भगवान के आशीर्वाद लिए। आपको बता दें कि, इस बात में किसी भी प्रकार की सच्चाई नहीं है। असल में वीडियो साल 2024 का है जिसे 2026 में शेयर कर लोगों में भ्रम पैदा किया जा रहा है। रिवर्स सर्च में इस बात का खुलासा हुआ है।
सोशल मीडिया पर क्या हो रहा है वायरल?
‘newsbharatplus’ नामक सोशल मीडिया यूजर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर रणवीर सिंह का वायरल वीडियो शेयर कर लिखा कि धुरंधर 2 की अपार सफलता के बाद,रणवीर सिंह पहुँचे काशी विश्वनाथ मंदिर और विधि-विधान से पूजा अर्चना की।
क्या है वायरल पोस्ट के पीछे की सच्चाई?
वायरल खबर की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। ऐसा करने पर हमें जागरण की वेबसाइट मिली। यहां 14 अप्रैल 2024 को पब्लिश की गई न्यूज रिपोर्ट में लिखा है कि रणवीर सिंह (Ranveer Singh) सिनेमा जगत का एक मशहूर चेहरा हैं। पद्मावत, रामलीला, दिल धड़कने दो समेत कई बड़ी फिल्में करने के बाद अब वह डॉन 3 (Don 3) की तैयारी कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग से पहले अभिनेता को वाराणसी में स्पॉट किया गया, वो भी कृति सेनन (Kriti Sanon) के साथ।
Created On :   30 March 2026 3:00 PM IST












