- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- वीडियो में कांग्रेस की बुराई करता...
फैक्ट चेक: वीडियो में कांग्रेस की बुराई करता नजर आ रहा शख्स नहीं है सुधांशु त्रिवेदी का बेटा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर एक शख्स का इंटरव्यू तेजी से वायरल हो रहा है। क्लिप में उसे कांग्रेस के विरोध में बोलते हुए सुना जा सकता है। लोग इस वीडियो को अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर दावा कर रहे हैं कि वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी नेता सुधांशु त्रिवेदी का बेटा है। हमने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। तो चलिए जानते हैं कैसे पता चली सच्चाई?
क्या हो रहा है वायरल
'Girish Thaker' नामक फेसबुक यूजर ने वायरल वीडियो अपने अकाउंट पर शेयर कर लिखा, सुधांशु त्रिवेदी का बेटा है ये। सही में इसके जैसे आठ दस लोग और बोल पड़े तो, कांग्रेस तो। खतम हो जाएगी। अगर आप सनातनी हो तो आपको महाकुंभ की सौगंध, हिंदुओं को जगाने के लिए इस वीडियो को कम से कम 10 लोगों को भेजो। कांग्रेस का सफाया होना बहुत जरूरी है। खूब प्रभावशाली हैं ! सनातन धर्म के उज्जवल भविष्य के लिए हिन्दुओं का जमीर जगाना होगा !
क्या है वायरल वीडियो के पीछे की सच्चाई?
वायरल वीडियो की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने वीडियो का स्क्रीनशॉट लिया और उसे गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। ऐसा करने पर हमें 'Shining India' का आधिकारिक यूट्यूब चैनल मिला। यहां पर वायरल वीडियो को 22 अप्रैल को शेयर किया गया था। वीडियो में शख्स का नाम नहीं लिखा था। इसके बाद हमने भारतीय संसद की वेसाइट से सुधांशु त्रिवेदी के परिवार के बारे में जानकारी हासिल की। यहां से मिली जानकारी के मुताबिक, सुधांशु की शादी 2009 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। इस हिसाब से दोनों की उम्र अभी ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
Created On :   4 July 2025 12:09 PM IST















