- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- उत्तर प्रदेश में लोगों से लड़ती...
फैक्ट चेक: उत्तर प्रदेश में लोगों से लड़ती महिला का वीडियो अभी का बता कर हो रहा वायरल, जानें क्या है सच्चाई

- लोगों से लड़ती महिला का वीडियो वायरल
- असल में 2023 की है घटना
- रिवर्स सर्च में पता चली सच्चाई
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। क्लिप में एक महिला को लोगों से लड़ते हुए देखा जा सकता है और एक शख्स उनका वीडियो बना रहा है। यूजर्स यह वीडियो अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर दावा कर रहे हैं कि महिला श्रम डिपार्टमेंट की एक अधिकारी है। दावा किया जा रहा है कि महिला अधिकारी ने भट्ठा मालिक से 1,00,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी लेकिन मालिक ने इनकार कर दिया। इतने में ही वहां मौजूद एक शख्स ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो बनता देख महिला आग बबूला हो उठी। आपको बता दें कि, यह दावा भ्रामक है। हमने अपनी जांच में पाया कि घटना 2 साल पुरानी है। वीडियो में नजर आ रही महिला श्रम अधिकारी हैं। उन पर रिश्वत का आरोप लगाया गया था। हालांकि, उन्होंने सभी आरोप को गलत बताया।
क्या हो रहा है वायरल?
'Vimlesh Gupta' नामक फेसबुक यूजर ने 22 मई 2025 को वायरल वीडियो अपने अकाउंट पर शेयर कर लिखा, महिला अधिकारी ने कहा मैं आपकी नौकर नहीं हूं। वीडियो बना रहे व्यक्ति का फोन छीनकर तोड़ दिया गया, वायरल वीडियो बागपत की बताई जा रही है, श्रम विभाग की महिला अधिकारी पर भट्टा मालिक ने एक लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। अब मैडम को कौन समझाएं कि वो असल में जनता की नौकर ही है और उसी की तनख्वाह मिलती हैं।
क्या है वायरल वीडियो के पीछे की सच्चाई?
वायरल वीडियो की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने स्क्रीनशॉट्स निकाल कर गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। ऐसा करने पर हमें नवभारत टाइम्स की वेबसाइट मिली जहां इसी घटना से संबंधित जानकारी दी गई थी। 9 जून 2023 को अपलोड की गई न्यूज रिपोर्ट में लिखा था कि मैनपुरी की जेल अधीक्षक कोमल मंगलानी ता आपको याद ही होंगी। अरे वही, जिनका पिछले महीने एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह अपने मातहतों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करती हुई नजर आई थीं। अब इसी तरह का एक मामला बागपत जिले से सामने आया है। यहां सहायक श्रम आयुक्त विनीता सिंह ईंट-भट्ठा संचालक से गाली गलौज करती हुई दिखी हैं। वीडियो में वह उसका मोबाइल फोन भी जमीन पर पटकते हुए साफ नजर आ रही हैं। हालांकि विनीता सिंह ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्हें फंसाने के लिए वीडियो को एडिट कर वायरल किया जा रहा है।
Created On :   24 May 2025 4:26 PM IST