Food Poisoning: तरबूज या पानी पूरी खाने से क्यों हुई मौत? गर्मी में कब कौन सा फूड बन जाता है जहर, समझिए पूरा साइंस और बचने का तरीका

तरबूज या पानी पूरी खाने से क्यों हुई मौत? गर्मी में कब कौन सा फूड बन जाता है जहर, समझिए पूरा साइंस और बचने का तरीका
दिन पर दिन गर्मी बढ़ रही है और इसी बीच देश के अलग-अलग हिस्सों से फूड पॉइजनिंग के केस सामने आ रहे हैं। कई लोगों की जान तक चली गई है। ऐसे में चलिए फूड पॉइजनिंग से संबंधित जानकारियों के बारे में जानते हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में गर्मी का दौर जारी है। ऐसे में डीहाइड्रेशन तो खतरा बना ही हुआ है, साथ ही देशभर से फूड पॉइजनिंग के भी कई चौंकाने वाले मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में मुंबई में एक ही परिवार के चार लोगों की रहस्यमयी मौत हुई है, झारखंड में पानीपूरी खाने से एक बच्चे की जान चली गई है और उत्तर प्रदेश में शादी की दावत में सैकड़ों लोग बीमार पड़े हैं। इन सब घटनाओं के बाद से ही फूड पॉइजनिंग एक सीरियस इश्यू बनकर सामने आया है। साथ ही फिर से खाने की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े किए जा रहे हैं। ऐसे में चलिए फूड पॉइजनिंग से संबंधित कई अहम जानकारियों के बारे में जानते हैं।

क्यों है फूड पॉइजनिंग इतना ज्यादा खतरनाक?

फूड पॉइजनिंग को लोग अक्सर बहुत ही हल्के में ले लेते हैं, लेकिन कई बार यह गंभीर रूप ले लेता है। फूड पॉइजनिंग में ज्यादा उल्टी और दस्त से शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी हो जाती है। इससे कमजोरी, चक्कर और यहां तक कि शरीर के अंग भी काम करना बंद कर सकते हैं। वहीं, कुछ मामलों में बैक्टीरिया शरीर में जहरीले तत्व भी छोड़ जाते हैं, जो दिमाग और नसों पर असर डाल सकते हैं। अगर संक्रमण खून तक पहुंच जाए, तो स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए यह और भी ज्यादा जोखिम भरा होता है।

किन चीजों से ज्यादा खतरा?

कुछ खाने की चीजें जल्दी खराब हो जाती हैं और उनमें कीटाणु भी जल्दी पनपते हैं। जैसे खुले में रखा स्ट्रीट फूड, कटे हुए फल, गंदे पानी से बनी चीजें, अधपका मांस, दूध से बनी मिठाइयां और लंबे समय तक बाहर रखा खाना। इन सभी चीजों से बचाव करना चाहिए।

क्या हैं फूड पॉइजनिंग के लक्षण?

अगर अचानक से बार-बार उल्टी आना शुरू हो जाएं, कुछ भी खाना पेट में ना रुके, दस्त हो, तेज बुखार, बिल्कुल कम पेशाब या बिल्कुल ना हो, मुंह और जीभ सूखने लगे, कमजोरी हो, चक्कर आने लगे, पेट में दर्द हो तो समझ जाना चाहिए कि ये फूड पॉइजनिंग के लक्षण हैं। ऐसे ही शुरुआती लक्षणों में पेट में दर्द, बेचैनी, उल्टी जैसा लगना और दस्त जैसी कई परेशानियां नजर आने लगती हैं।

लक्षण दिखने पर क्या करें?

अगर खाना खाने के बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द या बुखार जैसे लक्षण दिखते हैं, तो तुरंत सावधान हो जाएं। सबसे पहले शरीर में पानी की कमी बिल्कुल भी न होने दें। थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें और जरूरत हो तो ओ आर एस, नारियल पानी या छाछ पी लें। इससे शरीर डीहाइड्रेट नहीं होगा और इलेक्ट्रोलाइट्स भी बैलेंस्ड रहेंगे। इसके बाद हल्का और सादा खाना खाएं और आराम करें। लेकिन अगर बार-बार उल्टी हो, खून दिखे, तेज बुखार आए या कमजोरी बहुत ज्यादा हो जाए, तो बिना देर किए डॉक्टर को दिखाएं।

यह भी पढ़े -कान की सेहत से आप भी तो नहीं कर रहे खिलवाड़? बड़े काम के हैं ये टिप्स

मुंबई का क्या है मामला?

जानकारी के मुताबिक, 25 अप्रैल 2026 की रात एक परिवार ने साथ बैठकर बिरयानी खाई थी। बिरयानी को परिवार के कुछ अन्य लोगों ने भी खाया, लेकिन उन्हें कुछ नहीं हुआ। देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच परिवार के 4 लोगों ने तरबूज खाया, जो बाकी लोगों ने नहीं खाया था। इसके बाद सुबह करीब 5 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, दस्त और कमजोरी जैसे लक्षण तेजी से बढ़ने लगे। हालत गंभीर होने पर उन सभी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान 26 अप्रैल को चारों की मौत हो गई।

अभी साफ नहीं कारण

फिलहाल इस मामले की जांच जारी अभी है और असली वजह सामने नहीं आई है और वजह सामने आने में समय भी लगेगा। पुलिस ने बचे हुए तरबूज को जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही बचे हुए खान की भी जांच की जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि तरबूज अपने आप में नुकसानदायक नहीं होता है, लेकिन अगर वो दूषित हो जाए या उसमें किसी तरह की मिलावट की जाए, तो खतरा काफी बढ़ सकता है।

क्या फल में भी होती है मिलावट?

कई बार बाजार में फल को ज्यादा लाल या मीठा दिखाने के लिए उसमें गलत चीजें मिलाई जाती हैं। हालांकि हर बार ऐसा नहीं होता, लेकिन कुछ मामलों में केमिकल्स या गंदे पानी की वजह से फल खराब हो सकता है। ऐसे में बिना ध्यान दिए फल खाना जोखिम भरा हो सकता है और आपको बीमार कर सकता है। ऐसे में कुछ भी खाने से पहले साफ पानी से जरूर साफ करें। ऐसे फल खाने से फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है।

यह भी पढ़े -तरबूज लेने से पहले आपको भी है इंजेक्शन का डर? तो ऐसे करें चेक

अन्य जगहों से भी फूड पॉइजनिंग के मामले आए सामने

बता दें, यह पहली घटना नहीं है। हाल ही में झारखंड में पानीपूरी खाने के बाद एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई लोग बीमार पड़े हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में भी एक शादी के दौरान मिठाई खाने से 100 से ज्यादा लोग बीमार हो गए हैं। ये घटनाएं दिखाती हैं कि फूड पॉइजनिंग कभी-कभी जानलेवा भी हो सकती है।

सबसे बड़ा बचाव- सावधानी

यह घटना एक बड़ी चेतावनी है कि हमें खाने-पीने की चीजों को लेकर लापरवाही नहीं करनी चाहिए। हमेशा ताजा और साफ खाना ही खाना चाहिए। फल-सब्जियों को अच्छी तरह धोकर ही इस्तेमाल करें और कटे हुए फल खरीदने से बचें। थोड़ी सी सावधानी आपकी और आपके परिवार की जान बचा सकती है। गर्मी में खास तौर पर साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता का ध्यान रखना बहुत ही जरूरी है।

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ डॉक्टर/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।

Created On :   30 April 2026 7:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story