हेल्थ टिप्स: गर्मियों में वर्काउट कर रहे हैं तो अपने शरीर का रखें खास ख्याल, जानें इससे संबंधित जरूरी सावधानियां

गर्मियों में वर्काउट कर रहे हैं तो अपने शरीर का रखें खास ख्याल, जानें इससे संबंधित जरूरी  सावधानियां
देशभर में गर्मी का मौसम देखने को मिल रहा है लेकिन फिर भी लोग अपनी एक्सरसाइज बंद करने की नहीं सोच रहे हैं। अगर आप भी उनमें से एक हैं तो आज हम आपके लिए वर्कआउट से संबंधित कुछ टिप्स लेकर आए हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के कई इलाकों में इन दिनों तापमान करीब 42 डिग्री तक पहुंच गया है। ऐसी तपती गर्मी में जहां लोग घर से निकलने से बच रहे हैं, वहीं कई लोग अपनी फिटनेस बनाए रखने के लिए रोजाना एक्सरसाइज भी कर रहे हैं। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में बिना सावधानी के एक्सरसाइज करना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए एक्सरसाइज करने के लिए आपको कई बातों का खास ख्याल रखना होगा।

इन बातों का रखें खास ख्याल

सुबह या शाम का समय चुनें

गर्मी में एक्सरसाइज करने का सबसे सही समय सुबह का होता है। सुबह 5:30 से 8 बजे के बीच मौसम थोड़ा ठंडा रहता है, जिससे शरीर पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता। अगर सुबह समय न मिले, तो शाम को सूरज ढलने के बाद हल्की एक्सरसाइज कर सकते हैं। दिन में 10 बजे से 4 बजे तक एक्सरसाइज करने से बचना चाहिए।

शरीर को रखें हाइड्रेटेड

डॉक्टरों के मुताबिक, गर्मी में पसीना ज्यादा निकलता है, जिससे शरीर में पानी और जरूरी तत्वों की कमी हो जाती है। इसलिए वर्कआउट से पहले, दौरान और बाद में पानी पीना बहुत जरूरी है। साथ ही नारियल पानी, छाछ, शिकंजी जैसे पेय भी फायदेमंद होते हैं।

कम समय का एक्सरसाइज करें

गर्मी में ज्यादा देर तक भारी एक्सरसाइज करना ठीक नहीं है। सर्दियों के मुकाबले इस मौसम में कम समय यानी आधा समय एक्सरसाइज करना बेहतर माना जाता है। हल्की स्ट्रेचिंग से शुरुआत करें और धीरे-धीरे शरीर को तैयार करें।

खानपान और कपड़ों का रखें ध्यान

गर्मियों में तला-भुना और ज्यादा मसालेदार खाना कम खाएं। हल्का और ठंडक देने वाला भोजन लें। साथ ही ढीले और सूती कपड़े पहनें, जिससे पसीना जल्दी सूख सके और शरीर ठंडा रहे।

शरीर के संकेतों को समझें

अगर एक्सरसाइज के दौरान चक्कर, कमजोरी, उल्टी या दिल की धड़कन तेज लगे, तो तुरंत रुक जाएं। ये गर्मी से जुड़ी समस्या के संकेत हो सकते हैं। सही समय और सावधानी के साथ ही इस मौसम में फिट रहना संभव है।

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।

Created On :  

Tags

Next Story