मीठे के शौकीन जान लें...: आपकी फेवरेट दिवाली मिठाई के एक पीस में है कितनी कैलोरी, कितनी बढ़ती है शुगर? खाने से पहलें जरूर चैक कर लें ये लिस्ट

आपकी फेवरेट दिवाली मिठाई के एक पीस में है कितनी कैलोरी, कितनी बढ़ती है शुगर? खाने से पहलें जरूर चैक कर लें ये लिस्ट
दिवाली पर मिठाइयां खाते समय उनकी कैलोरी और चीनी का ध्यान रखें। ज्यादा मीठा खाने से ब्लड शुगर बढ़ सकती है। इसलिए स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखें।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिवाली का त्योहार हो और घर में मिठाई न आए ऐसा हो ही नहीं सकता। इस खास मौके पर लोग जलेबी, गुलाब जामुन, लड्डू और काजू कतली जैसी कई मिठाइयां खाते हैं। कई बार स्वाद के चक्कर में लोग जरूरत से ज्यादा मीठा खा लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी पसंदीदा मिठाई में कितनी कैलोरी और चीनी होती है? ज्यादा मीठा खाने से शरीर में ब्लड शुगर का लेवल बढ़ सकता है। खासकर डायबिटीज के मरीजों को इस दौरान ध्यान रखने की जरूरत है। तो चलिए जानते हैं ऐसी 6 मिठाइयों के बारे में और इनमें कितनी कैलोरी होती है।

जलेबी में होती है काफी चीनी

जलेबी दिवाली पर मिलने वाली सबसे पसंदीदा मिठाइयों में से एक है। इसे मैदे से बनाया जाता है और फिर चीनी की चाशनी में डुबोया जाता है। इसी वजह से इसमें चीनी की मात्रा ज्यादा हो सकती है। Fitelo की कैलोरी लिस्ट के मुताबिक, 25 ग्राम की एक जलेबी में करीब 110 कैलोरी और 14 ग्राम चीनी होती है। वहीं, Freedom from Diabetes के अनुसार, जलेबी का एक पीस 15-20 ग्राम तक चीनी दे सकता है। इसलिए इसे खाते समय मात्रा का ध्यान रखना चाहिए।

गुलाब जामुन में कितनी होती है कैलोरी?

गुलाब जामुन का नाम सुनते ही कई लोगों के मुंह में पानी आ जाता है। इसे मावा और दूसरी चीजों से बनाया जाता है। बाद में चीनी की चाशनी में डुबोया जाता है। Fitelo के अनुसार, 40 ग्राम के एक गुलाब जामुन में करीब 120 कैलोरी और 23 ग्राम चीनी हो सकती है। Natxtra की रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें मिठास के साथ कार्बोहाइड्रेट भी होते हैं। ऐसे में एक से ज्यादा गुलाब जामुन खाने पर शरीर में चीनी की मात्रा बढ़ सकती है।

रसगुल्ला हल्का दिखता है लेकिन चीनी कम नहीं

रसगुल्ला मुलायम और रस से भरा होता है। इसे छेने से बनाया जाता है और फिर मीठी चाशनी में रखा जाता है। देखने में यह हल्का लगता है लेकिन इसमें चीनी अच्छी मात्रा में होती है। Fitelo की जानकारी के मुताबिक, 40 ग्राम के एक रसगुल्ले में करीब 95 कैलोरी और 20 ग्राम चीनी हो सकती है। Freedom from Diabetes की रिपोर्ट में भी बताया गया है कि रसगुल्ले में चाशनी की वजह से चीनी की मात्रा बढ़ जाती है। इसलिए इसे खाते समय ज्यादा चाशनी लेने से बचना चाहिए।

मोतीचूर के लड्डू में भी होती हैं ज्यादा कैलोरी

दिवाली पर मोतीचूर के लड्डू भी खूब खाए जाते हैं। इन्हें बूंदी, घी और चीनी से तैयार किया जाता है। स्वाद में अच्छे होने के साथ इनमें कैलोरी भी होती है। Fitelo के मुताबिक, 30 ग्राम के एक मोतीचूर लड्डू में करीब 120 कैलोरी और 14 ग्राम चीनी हो सकती है। Natxtra की रिपोर्ट के अनुसार, लड्डू में चीनी के साथ कार्बोहाइड्रेट भी होते हैं। इसलिए एक साथ कई लड्डू खाने से बचना चाहिए।

काजू कतली में कितनी होती है कैलोरी?

काजू कतली को कई लोग दूसरी मिठाइयों से बेहतर मानते हैं। इसे काजू और चीनी से बनाया जाता है। इसका एक छोटा टुकड़ा खाने में भले ही कम लगे, लेकिन इसमें भी चीनी होती है। Fitelo की कैलोरी लिस्ट के अनुसार, 13 ग्राम की एक काजू कतली में करीब 60 कैलोरी और 6 ग्राम चीनी हो सकती है। Natxtra की रिपोर्ट भी बताती है कि काजू कतली में चीनी मिलाई जाती है। इसलिए कम मीठी लगने के कारण इसे ज्यादा नहीं खाना चाहिए।

मैसूर पाक में होती है सबसे ज्यादा कैलोरी

मैसूर पाक बेसन, घी और चीनी से बनने वाली मिठाई है। इसमें घी की मात्रा ज्यादा होने के कारण कैलोरी भी काफी होती है। Fitelo की जानकारी के मुताबिक, 25 ग्राम के एक टुकड़े में करीब 140 कैलोरी हो सकती है। वहीं, Natxtra की रिपोर्ट में बताया गया है कि इसमें चीनी, कार्बोहाइड्रेट और कैलोरी तीनों होते हैं। इसलिए आप इसका छोटा टुकड़ा ही खाएं।

कौन-सी मिठाई सबसे ज्यादा और कौन-सी कम नुकसान पहुंचा सकती है?

Natxtra और Freedom from Diabetes की जानकारी के मुताबिक, जलेबी और गुलाब जामुन जैसी चाशनी वाली मिठाइयों से ब्लड शुगर बढ़ने का खतरा ज्यादा हो सकता है। वहीं, कैलोरी के हिसाब से मैसूर पाक इस लिस्ट में सबसे ऊपर है। काजू कतली में एक छोटे पीस के हिसाब से कैलोरी सबसे कम है। लेकिन कम कैलोरी का मतलब कम शुगर होना नहीं है।

मालूम हो कि, कैलोरी और चीनी की मात्रा अनुमानित है। मिठाई के आकार और बनाने के तरीके से आंकड़े बदल सकते हैं। ब्लड शुगर पर असर भी हर व्यक्ति में अलग हो सकता है।

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।

Created On :  

Tags

Next Story