India Independence Day: न्यूयॉर्क में अड़ीवी शेष ने मनाया भारत का स्वतंत्रता दिवस, गवर्नर कैथी होकुल के साथ इंडिया डे परेड में हुए शामिल

न्ययॉर्क। अभिनेता अड़ीवी शेष ने न्यूयॉर्क में भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होकर देश के प्रति अपना गर्व और सम्मान जाहिर किया। 16 अगस्त को न्यूयॉर्क के मैडिसन एवेन्यू पर आयोजित भव्य इंडिया डे परेड में वह न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होकुल और कई निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के साथ भारत की संस्कृति, विरासत और आजादी की भावना का जश्न मनाया।
फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशंस (एफआईए) एनवाई-एनजे-सीटी-एनई की ओर से आयोजित इस वार्षिक परेड में भारतीय समुदाय के लोगों के साथ कई सांस्कृतिक समूह और प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। परेड में मैडिसन एवेन्यू से कुल 55 झांकियां गुजरीं। अड़ीवी शेष ने ‘अमेरिका 250’ झांकी पर सवार होकर परेड में हिस्सा लिया और बाद में मुख्य मंच से भी लोगों का अभिवादन किया।
इस मौके पर अपने अनुभव साझा करते हुए अड़ीवी शेष ने कहा कि न्यूयॉर्क में भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। मैडिसन एवेन्यू पर तिरंगे को लहराते देखना और भारतीय समुदाय के लोगों के उत्साह को महसूस करना उनके लिए गर्व की बात थी। उन्होंने कहा कि भारत की कहानी साहस, विविधता और गर्व की कहानी है। दुनिया में कहीं भी रहने के बावजूद भारतीयों की पहचान और जड़ें उन्हें हमेशा अपनी मातृभूमि से जोड़कर रखती हैं।
यह भी पढ़े -PM मोदी के ‘नक्सलवाद’ वाले बयान से पनपी दिमागी नक्सल पार्टी, सोशल मीडिया पर कुछ ही समय में बटोरे लाखों फॉलोअर्स
न्यूयॉर्क की सड़कों पर आयोजित यह भव्य परेड भारत और विदेशों में बसे भारतीय समुदाय के बीच मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक बनी। अड़ीवी शेष के लिए भी यह समारोह भारत की विरासत और आजादी की भावना को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मनाने का यादगार अवसर रहा।
Created On :   17 Aug 2026 9:00 PM IST












