रूस और यूक्रेन युद्ध: भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी पर हमला, राष्ट्रपति जेलेंस्की के होम टाउन में रात भर निशाना दागते रहे रूसी ड्रोन

डिजिटल डेस्क, कीव। रूस और यूक्रेन के बीच लगातार हमले जारी है। इस बीच रूस ने यूक्रेन पर ताजा हमला किया है, जिसमें भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट को नुकसान हुआ है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि रूस ने यह हमला मिसाइल से किया था, जिसमें दो लोगों की जान चली गई, जबकि 14 कर्मचारी घायल बताए गए हैं। रूस ने यह हमला जिस इलाके में किया था, वह यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के गृह शहर के अंतर्गत आता है और यहां पर देश की सबसे बड़ी औद्योगिक इकाइयां शामिल है।
यह भी पढ़े -जुलाई में यूक्रेन के 437 नागरिकों ने गंवाई जान, 2,610 घायल जेलेंस्की ने यूएन रिपोर्ट का दिया हवाला
स्टील प्लांट के अधिकारियों ने क्या बताया?
क्रिवी रीह स्थित स्टील प्लांट के अधिकारियों ने टेलीग्राम पर एक बयान जारी किया है। जिसमें बताया गया है कि रूसी हमले में बिजली उत्पादन और ब्लास्ट फर्नेस से जुड़ी अहम यूनिट को इस हमले में नुकसान हुआ है। इसी कारण प्लांट की उत्पादन प्रक्रिया आंशिक रूप से बाधित हो गई है। आगे बताया गया है कि इस नुकसान की वजह से प्लांट के सामान्य संचालन पर असर पड़ा है। अधिकारियों का कहना है कि स्टील उत्पादन के लिए बिजली और अन्य बुनियादी ढांचे की स्थिर आपूर्ति बेहद अहम होती है। इस कारण इस नुकसान को अहम माना जा रहा है।
व्यापक स्तर पर रातभर सैन्य कार्रवाई
इस क्षेत्र में यह हमला ऐसे समय पर हुआ है, जब रूस और यूक्रेन के बीच में लंबी दूरी वाले हमले तेज हो गए है। दोनों देश मिसाइल और ड्रोन से लगातार ऊर्जा, औद्योगिक और सैन्य ठिकानों को टारगेट कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिवी रीह इलाके में रूस ने व्यापक स्तर पर रातभर सैन्य कार्रवाई की। इससे अन्य इलाके में इसकी चपेट में आ गए और लोगों के मारे जाने की भी खबर है। वहीं राजधानी कीव में आग लगने की घटना हुई है, जिसमें नागरिकों के घायल होने की जानकारी है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने क्या कहा?
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर बताया कि रूसी सेना लगातार आम लोगों के बुनियादी ढांचों को टारगेट कर रही है। उन्होंने आगे बताया कि पिछले हफ्ते रूसी सेना ने यूक्रेनी शहरों पर 1,550 से ज्यादा ड्रोन दागे गए, लगभग 1,560 गाइडेड एरियल बम का इस्तेमाल और 62 मिसाइलों से हमला किया था।
Created On :   17 Aug 2026 7:13 PM IST













