इजरायल में नया राजनीतिक फॉर्मुला: सत्ता गंवाने की आशंका के बीच नेतन्याहू का नया प्लान! गादी आइजेनकोट को PM बनाने का भेजा प्रस्ताव

डिजिटल डेस्क, यरूशलम। इजरायल में नई सरकार बनाने के लिए गादी आइजेनकोट को कई अड़चनों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, उन्हें अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की ओर से प्रधानमंत्री पद देने का प्रस्ताव मिला है। इसके तहत दोनों नेता बारी-बारी से प्रधानमंत्री बन सकते हैं। एक रिपोर्ट में बताया गया है कि नेतन्याहू दूसरे चरण में खुद प्रधानमंत्री बनने के लिए तैयार हैं।
यह भी पढ़े -ईरान पर दोबारा हमले की तैयारी में इजरायल? नेतन्याहू के दबाव के बीच अमेरिका पहुंचे मोसाद चीफ
नेतन्याहू का राजनीतिक समझौता?
बताया जा रहा है कि यदि यह प्रस्ताव स्वीकार हो जाता है, तो इसे नेतन्याहू का बड़ा राजनीतिक समझौता माना जाएगा। दरअसल, नेतन्याहू के नेतृत्व वाला दक्षिणपंथी गठबंधन सरकार बनाने के लिए पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर सका। इस वजह से नेतन्याहू ने सत्ता में बने रहने के लिए आइजेनकोट को यह प्रस्ताव भेजा है। हालांकि, नेतन्याहू के करीबी लोगों में भी इस फैसले को लेकर पूरी सहमति नहीं होने की खबर है। चैनल 13 की रिपोर्ट के मुताबिक, आइजेनकोट को यह प्रस्ताव अनौपचारिक माध्यम से भेजा गया है।
बताते चलें कि 27 अक्टूबर को इजरायल में चुनाव हुए थे। नतीजे जारी होने के बाद किसी भी गठबंधन को सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत नहीं मिला था। देश में यह चुनाव हमास के हमले और ईरान के साथ जारी संघर्ष के बाद पहला था।
यह भी पढ़े -इजराइल की संसद पर फिलीस्तीन का झंडा फहराने का दावा फर्जी, जर्मनी के वीडियो को गलत संदर्भ में किया जा रहा शेयर
नेतन्याहू के गठबंधन को कितनी मिलीं सीटें?
नेतन्याहू के नेतृत्व वाले गठबंधन को 53 सीटें मिली थीं, जबकि इजरायल में सरकार बनाने के लिए 120 सदस्यीय संसद में कम से कम 61 सीटें हासिल करना जरूरी है। वहीं, आइजेनकोट के गठबंधन ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। इनके अलावा अरब पार्टियों राम और जॉइंट लिस्ट ने 19 सीटों पर जीत हासिल की है। इस वजह से सरकार बनाने में उनकी भूमिका अहम हो गई है। हालांकि, नेतन्याहू और आइजेनकोट पहले ही इन पार्टियों के साथ गठबंधन करने से इनकार कर चुके हैं।
सरकार बनाने की डेडलाइन करीब
इजरायली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने इसी महीने की शुरुआत में आइजेनकोट को सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। साथ ही, उन्हें 6 दिसंबर तक सरकार बनाने का समय दिया गया है। अगर वह सरकार बनाने में असमर्थ रहते हैं, तो राष्ट्रपति हर्जोग नेतन्याहू को सरकार बनाने का निमंत्रण दे सकते हैं।
Created On :  

