यमन में सऊदी अरब का भीषण पलटवार: हूती विद्रोहियों को तबाह करने की पूरी कोशिश, कई इलाकों में गिराए बम, एक मासूम समेत 4 लोगों की मौत

हूती विद्रोहियों को तबाह करने की पूरी कोशिश, कई इलाकों में गिराए बम, एक मासूम समेत 4 लोगों की मौत
ईरानी समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों के हमले का सऊदी अरब ने जबरदस्त जवाब दिया है। उसकी सेना ने पलटवार करते हुए हूतियों के कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं।

डिजिटल डेस्क, सना। ईरानी समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों के हमले का सऊदी अरब ने जबरदस्त जवाब दिया है। उसकी सेना ने पलटवार करते हुए हूतियों के कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। जानकारी के मुताबिक, यमन के पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में गुरुवार को सऊदी अरब के फाइटर जेट्स ने जमकर बम बरसाए। इनमें चार लोगों के मारे जाने की खबर मिली है, जिनमें एक मासूम भी शामिल है।

हमले पर हूतियों ने जारी किया बयान

इन हमलों के बाद हूती विद्रोहियों ने एक बयान जारी किया है, जिसमें सऊदी अरब समर्थित सरकारी बलों को जिम्मेदार ठहराया है। ये बल विद्रोहियों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। संगठन के प्रवक्ता असबाही का कहना है कि ताइज प्रांत में कई हवाई हमलों में चार लोगों की जान चली गई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यमन की राजधानी सना में भी सऊदी हवाई हमले हुए हैं। सना के विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाकों में रहने वाले नागरिकों ने भी पुष्टि की है कि रात में उन्हें धमाकों की आवाजें सुनाई दीं।

स्थानीय लोगों ने क्या कहा?

स्थानीय लोगों ने इन धमाकों को लेकर कहा, "हमें समय-समय पर इन आवाजों को सहना पड़ता है। इनका हमारे बच्चों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता है।"

यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब समर्थित सरकारी बलों के बीच लड़ाई फिर से तेज हो गई है।

सऊदी सरकार का बयान

दूसरी तरफ, सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने हमले वाले दिन यानी गुरुवार को एक बयान जारी किया है, जिसमें उसकी तरफ से बताया गया है कि देश के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में स्थित तेल रिफाइनरी पर हुए हमले में नेपाल के एक कर्मचारी की जान चली गई।

गौरतलब है कि सऊदी अरब के साथ संघर्ष तेज हो गया है। हूती विद्रोही लगातार तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं। गुरुवार को ही जजान स्थित तेल रिफाइनरी पर हमला हुआ था। इस रिफाइनरी को पहले भी हूती निशाना बना चुके हैं।

Created On :  

Tags

Next Story