Bangladesh News: शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में हलचल तेज, पूर्व सहयोगियों समेत तीन गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, ढाका। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वतन वापसी से पहले बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार ने गुरुवार तड़के ढाका में हसीना के तीन पूर्व सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें उनके पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव केएम सखावत मून, पूर्व डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इलियास हुसैन और आयकर वकील सूफी मोहम्मद अल मामून शामिल हैं। सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के मुताबिक, तीनों को धनमंडी-27 इलाके से पकड़ा गया।
नवंबर की शुरुआत से बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं। ट्रेनों, बसों, बैंकों और वाहनों में आगजनी हुई है। इन घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने हिंसा के लिए हसीना की अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों को जिम्मेदार ठहराया है। अवामी लीग की गतिविधियों पर प्रतिबंध है, लेकिन पार्टी ऑनलाइन माध्यमों से 29 और 30 नवंबर को लॉकडाउन का प्रचार कर रही है।
16 दिसंबर को हसीना की संभावित वापसी की चर्चा के बीच सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। देश के सात जिलों में सीमा सुरक्षा बल की 108 प्लाटून तैनात की गई हैं। इनमें 56 प्लाटून हसीना के गृह जिले गोपालगंज में लगाई गई हैं।
यह भी पढ़े -ढाका लौटने पर अड़ीं शेख हसीना की दो टूक, 'जेल या मौत मंजूर, वतन लौटकर रहूंगी' कहा अपनी मिट्टी में मरना पसंद
द डेली स्टार' के अनुसार, इन लोगों को पहले सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के छात्र संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिरासत में लिया था। बाद में उन्हें पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस अब तीनों को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद हसीना भारत आ गई थीं। बांग्लादेश के विशेष ट्रिब्यूनल ने 2024 के विद्रोह के दौरान प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के मामले में उन्हें उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई है। हसीना ने आरोपों से इनकार किया है। बांग्लादेश ने भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग की है, लेकिन भारत ने अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।
Created On :  


