Israel-Iran war: जंग के बीच नेतन्याहू का बड़ा दावा, खामेनेई के मारे जाने की जताई संभावना

जंग के बीच नेतन्याहू का बड़ा दावा, खामेनेई के मारे जाने की जताई संभावना
ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने शनिवार देर रात देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई के मारे जाने के हमें संकेत मिले हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भारतीय समयानुसार शनिवार देर रात देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ इजरायल का संघर्ष जारी रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई के मारे जाने के हमें संकेत मिले हैं। हमारी सेना ने उनके आवास और ऑफिस पर कई हमले किए थे। उन्होंने कहा, 'हमने उस जगह पर निशाना साधा जहां खामेनेई थे। इजरायल को नष्ट करने की योजना अब खत्म हो चुकी है, और तानाशाह अली खामेनेई के न होने की बहुत ज्यादा संभावना है।' हालांकि नेतन्याहू ने खामेनेई की मौत के कोई सबूत नहीं पेश किए।

वहीं, ईरान की ओर से नेतन्याहू के इस बयान का खंडन किया गया है। ईरान की तरफ से कहा गया है कि खामेनेई पूरी तरह सुरक्षित हैं। इससे पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि खामेनेई जिंदा हैं। और सुरक्षित जगह पर मौजूद हैं।

ईरान के 200 से ज्यादा नागरिकों की मौत

अमेरिका और इजरायल ने शनिवार सुबह ईरान के दस बड़े शहरों में एयरस्ट्राइक की। इन हमलों में ईरान की राजधानी तेहरान समेत अन्य जगहों पर 200 से ज्यादा नागरिकों की मौत हो गई। ईरानी की रेड क्रिसेंट सोसाइटी (राहत व बचाव दल) ने इसकी पुष्टि की। सोसायटी के मुताबिक अमेरिका-इजरायल के अटैक में कम से कम 201 लोगों की मौत हुई है। जबकि करीब 750 लोग घायल हुए हैं।

सोसाइटी के प्रवक्ता ने मेहर न्यूज एजेंसी को बताया कि ईरान के 24 प्रांतों में हमले हुए हैं। हमारी दो सौ से ज्यादा टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई हैं। वहीं इजरायल डिफेंस फोर्स ने ईरान पर 200 लड़ाकू विमानों से हमले का दावा किया है। इजरायली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर बताया है कि उसने अपने इतिहास का सबसे बड़ा एयर ऑपरेशन चलाया। आईडीएफ के मुताबिक, इस कार्रवाई में 200 लड़ाकू विमानों ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों समेत 500 ठिकानों पर हमला किया।

Created On :   1 March 2026 1:11 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story