Israel Iran War: इजरायल और ईरान के बीच आज सुबह से ही हमले जारी, ईरानी रक्षा मंत्री के मारे जाने की खबर! कई देशों के एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय

डिजिटल डेस्क, तेहरान। मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव ने युद्ध का रूप ले लिया है। कई देश इस हमले पर जवाबी कार्रवाई कर रहे हैं। इस बीच न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि इजरायल के हमलों में ईरानी रक्षा मंत्री अमीर नसीरजादेह और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर मोहम्मद पकपूर की जान चली गई है। एजेंसी ने ये जानकारी इस मामले से जुड़े तीन सूत्रों के हवाले से दी है। हालांकि ईरान की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।
यह भी पढ़े -मिडिल ईस्ट में लगातार बढ़ रहा तनाव, इजरायल-अमेरिका के 'ऑपरेशन रोरिंग लायन और एपिक फ्यूरी' के जानें ये मुख्य मकसद
खाड़ी क्षेत्र में हमला
मिडिल ईस्ट में हालात उस समय और अधिक बिगड़ गए थे, जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान के कई अहम ठिकानों को निशाना बनाया गया था। ईरान इन कार्रवाइयों को अपनी संप्रभुता पर सीधा हमला बता रहा है। इसके साथ ही उसने जवाबी कार्रवाई भी शुरू कर दी है। इसके बाद ईरान ने खाड़ी इलाके में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर वार कर दिया।
एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय
कतर, बहरीन, यूएई और सऊदी अरब में हुए हमले के बाद कई देशों ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव कर दिए हैं। इसके साथ ही आम लोगों को शेल्टर लेने की सलाह भी दी गई हैं। इलाके के कई एयरपोर्ट, स्कूल और सरकारी ऑफिस एहतियातन के तौर पर बंद कर दिए गए हैं।
यह भी पढ़े -ईरान-इजरायल तनाव के बीच फंसे 272 भारतीय नागरिकों की वतन वापसी, 3 नेपाली भी लौटे, ईरान से आई स्पेशल फ्लाइट
संयुक्त राष्ट्र के हस्तक्षेप की मांग
इन हमलों के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक तीखी बहस छिड़ गई हैं। फ्रांस, रूस, कतर और यूरोपीय संघ समेत कई देशों ने इस तनाव को कम करने के लिए कूटनीतिक समाधान निकालने की अपील की है। इसके लिए संयुक्त राष्ट्र की हस्तक्षेप की मांग उठने लगी है। इस बीच यह दावा किया जा रहा है कि इजरायली हमलों में ईरान के रक्षा मंत्री और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के शीर्ष कमांडर की मौत हो गई हैं। इस वजह से संकट और गहरा हो गया है।
Created On :   28 Feb 2026 10:18 PM IST













