ऑपरेशन सिंधु: ईरान-इजरायल तनाव के बीच फंसे 272 भारतीय नागरिकों की वतन वापसी, 3 नेपाली भी लौटे, ईरान से आई स्पेशल फ्लाइट
- ईरान से भारतीय नागरिकों की वापसी
- 272 भारतीय और 3 नेपाली नागरिक पहुंचे दिल्ली
- जोरों पर ऑपरेशन सिंधु
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान और इजरायल जंग के बीच फंसे भारतीय लोगों की 'ऑपरेशन सिंधु' के तहत वापसी करवाई जा रही है। बुधवार देर रात ईरान से एक विशेष फ्लाइट 272 भारतीय और तीन नेपाली नागरिकों को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंची। ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से अब तक कुल 3,426 भारतीय नागरिकों को रेस्क्यू किया गया है।
'हमें कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा'
ईरान से लौटे एक भारतीय नागरिक ने कहा कि मैं अपनी सरकार, विशेषकर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद करता हूं। हमें किसी कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। ईरानी और भारतीय दोनों सरकारों ने हमारे साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया।
वापस लौटे नागरिकों ने किया सरकार का धन्यवाद
ईरान से लौटे एक भारतीय ने कहा कि बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं। हम भारतीय दूतावास और सरकार के बहुत शुक्रगुजार हैं। इस वक्त सीजफायर का ऐलान हो गया है लेकिन अगर तनाव बढ़ जाता तो वहां से निकलना बहुत मुश्किल हो जाता।
इजरायल से वापसी
इससे पहले ऑपरेशन सिंधु के तहत 224 भारतीय नागरिक IAF विमान से इजराइल से भारत लौटे थे। दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर इजराइल से निकाले गए भारतीयों का स्वागत करने राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे पहुंची थीं। वहीं, मंगलवार को इजरायल से 161 भारतीय नागरिकों को लेकर पहली फ्लाइट दिल्ली सुरक्षित पहुंची थी। जानकारी के मुताबिक, पहले लोगों जॉर्डन ले जाया गया और फिर फ्लाइट से निकाला गया था।
Created On :   26 Jun 2025 9:13 AM IST