Iran Israel War: हमलों के बीच भारत ने ईरान और इजरायल के नेताओं से की बात, यूरोपीय देशों ने बुलाई आपात मीटिंग, जानिए क्या लिया निर्णय?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को ईरान पर हमला किया। तेहरान ने भी इसका जवाब दिया है। इस जंग पर अब दुनियाभर के देशों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी है। कई देश इसे व्यापक संघर्ष की आशंका जता रहा है। इसके अलावा यूरोपीय नेताओं ने आपात मीटिंग बुलाई थी। इस दौरान मध्य पूर्व में अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए उपायों पर चर्चा की। कई देशों के नेता ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत से समाधान निकालने की अपील कर रहे हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा ने हमलों के प्रति खुला समर्थन किया है। जबकि रूस और चीन ने इन हमलों पर आलोचना की है।
यह भी पढ़े -अमेरिका-इजरायल की ईरान पर एयरस्ट्राइक में 200 से ज्यादा नागरिकों की मौत, ईरानी विदेश मंत्री बोले - 'बदला लेंगे'
यूरोपीय देशों की मीटिंग में क्या हुई चर्चा
ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता को दोबारा से शुरू करने की मांग की है। वहीं क्षेत्र के देशों पर ईरानी हमलों की निंदा की है। लेकिन उन्होंने सीधे तौर पर अमेरिका-इजरायल के हमलों पर प्रतिक्रिया नहीं दी है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने एक संयुक्त बयान जारी किया है। जिसमें बताया गया है कि इन हमलों में हमारे देश शामिल नहीं है। लेकिन वे अमरिका, इजरायल और क्षेत्रीय समाझेदारों के संपर्क में बने हुए हैं।
इन तीनों देशों ने अपने बयान में कहा, "हम क्षेत्र के देशों पर ईरानी हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। ईरान को अंधाधुंध सैन्य कार्रवाई से बचना चाहिए। हम वार्ता फिर शुरू करने की अपील करते हैं और ईरानी नेतृत्व से बातचीत के जरिए समाधान खोजने का आग्रह करते हैं।"
यह भी पढ़े -ईरान पर हमले को लेकर ट्रंप के फैसले पर अमेरिका में उठे सवाल, विपक्षी नेताओं ने बताया खतरनाक
भारत की दोनों देशों से हुई बात
भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने इन हमलों के बीच ईरान और इजरायल के नेताओं से चर्चा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "आज शाम ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची के साथ बातचीत हुई। हाल के घटनाक्रम पर भारत ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने अपनी अन्य पोस्ट में कहा, "आज दोपहर इजरायली विदेश मंत्री गिदोन सार से बात की। हमने तनाव कम करने के लिए बातचीत और डिप्लोमेसी की भारत की अपील दोहराई।"
Created On :   1 March 2026 1:49 AM IST













