America-Iran war: अमेरिका-इजरायल की ईरान पर एयरस्ट्राइक में 200 से ज्यादा नागरिकों की मौत, ईरानी विदेश मंत्री बोले - 'बदला लेंगे'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका और इजरायल ने शनिवार सुबह ईरान के दस बड़े शहरों में एयरस्ट्राइक की। इन हमलों में ईरान की राजधानी तेहरान समेत अन्य जगहों पर 200 से ज्यादा नागरिकों की मौत हो गई। ईरानी की रेड क्रिसेंट सोसाइटी (राहत व बचाव दल) ने इसकी पुष्टि की। सोसायटी के मुताबिक अमेरिका-इजरायल के अटैक में कम से कम 201 लोगों की मौत हुई है। जबकि करीब 750 लोग घायल हुए हैं।
सोसाइटी के प्रवक्ता ने मीडिया को बताया कि ईरान के 24 प्रांतों में हमले हुए हैं। हमारी दो सौ से ज्यादा टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई हैं। वहीं इजरायल डिफेंस फोर्स ने ईरान पर 200 लड़ाकू विमानों से हमले का दावा किया है। इजरायली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर बताया है कि उसने अपने इतिहास का सबसे बड़ा एयर ऑपरेशन चलाया। आईडीएफ के मुताबिक, इस कार्रवाई में 200 लड़ाकू विमानों ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों समेत 500 ठिकानों पर हमला किया।
यह भी पढ़े -ईरान पर हमले को लेकर ट्रंप के फैसले पर अमेरिका में उठे सवाल, विपक्षी नेताओं ने बताया खतरनाक
वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने अमेरिका-इजरायल के हमलों पर कहा कि वह हमलावरों को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा, नेतन्याहू और ट्रंप का ईरान युद्ध पूरी तरह से बिना किसी उकसावे के, गैर-कानूनी और गलत है। हमारी ताकतवर सेना इस दिन के लिए तैयार है और हमलावरों को ऐसा सबक सिखाएगी, जिसको वो भूल नहीं पाएंगे।
ईरान ने किया पलटवार
अपने ऊपर हुए हमले के जवाब में ईरान ने मिडिल-ईस्ट के उन देशों पर हमला किया, जहां अमेरिका के सैन्य ठिकाने हैं। ईरान ने कतर में अल उदेइद एयर बेस, कुवैत में अल सालेम बेस, यूएई में अल धाफरा एयर बेस, बहरीन में यूएस 5वीं फ्लीट बेस, सऊदी अरब की राजधानी रियाद, इजरायल के हाइफा और गैली शहरों में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल दागे।
यह भी पढ़े -क्या ईरान दुबई के बुर्ज खलीफा पर हमले की बना रहा योजना? आसपास ड्रोन हमले की खबर, ईरानी सेना ने किया बड़ा दावा
इन देशो में ईरान ने किया हमला
1. संयुक्त अरब अमीरात (UAE)- अबू धाबी और दुबई शहरों पर
2. सऊदी अरब की राजधानी और सबसे बड़े शहर रियाद में
3. कतर की राजधानी दोहा में
4. कुवैत की कुवैत सिटी में
5. जॉर्डन स्थित अमेरिकी बेस पर
6. बहरीन की राजधानी मनामा में
7. इजराइल की राजधानी तेल अवीव में
8. इराक की राजधानी बगदाद में
9. दक्षिणी सीरिया के स्वेदा शहर में
Created On :   1 March 2026 12:41 AM IST












