Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन के बीच शांति समझौते में फूट डाल रहे यूरोप के देश? पुतिन के विदेश मंत्री ने यूरोप संघ पर लगाया आरोप

रूस-यूक्रेन के बीच शांति समझौते में फूट डाल रहे यूरोप के देश? पुतिन के विदेश मंत्री ने यूरोप संघ पर लगाया आरोप
  • रूस-यूक्रेन युद्ध शांति वार्ता को लेकर हलचल तेज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हाल ही में अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर बैठक हुई थी। इसके बाद यूक्रेन में शांति समझौते पर मंथन जारी है। इससे पहले अमेरिका के व्हाइट हाउस में ट्रंप और जेलेंस्की के अलावा यूरोपीय देशों के बीच बैठक भी हुई थी। इस दौरान बैठक में यूक्रेन युद्ध पर विशेष चर्चा हुई थी। इसके बाद रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने डोनाल्ड ट्रंप की सराहना की थी। इसके अलावा उन्होंने यूरोपीय नेताओं पर तीखा हमला बोला। लावरोव के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति शांति समझौते चाहते हैं, जिसे लंबे समय तक के लिए निभाया जा सके। वहीं, दूसरी ओर यूरोपीय देश सीजफायर की मांग कर रहे हैं।

रूसी विदेश मंत्री ने यूरोपीय संघ पर लगाया आरोप

सर्गेई लावरोव ने रूसी न्यूज चैनल Russia24 को दिए इंटरव्यू में कहा, 'अलास्का में व्लादिमीर पुतिन के साथ ट्रंप की बैठक का माहौल बहुत अच्छा था। यह स्पष्ट था कि अमेरिका राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी टीम ईमानदारी से इस युद्ध को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। वे ऐसा परिणाम चाहते हैं जो लंबे समय के लिए, टिकाऊ और विश्वसनीय हो।'

ट्रंप-जेलेंस्की की बैठक के बारे में बात करते हुए लावरोव ने कहा, 'अमेरिकी राष्ट्रपति ने साफ किया कि सीजफायर की जरूरत नहीं है और रूस-यूक्रेन के बीच शांति समझौता किया जा सकता है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भी यही रुख है, लेकिन यूरोप ऐसा नहीं चाहता है। यूरोपीय नेताओं ने हर समय केवल सीजफायर पर जोर दिया, ताकि वे बाद में यूक्रेन को हथियार आपूर्ति करते रहेंगे।'

व्हाइट हाउस में ट्रंप और जेलेंस्की के बीच हुई बैठक

बता दें, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की समेत यूरोपीय लीडर्स के साथ बैठक की। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में यूरोपीय नेताओं के शामिल होने के मकसद ट्रंप द्वारा जेलेंस्की पर किसी भी तरह के दबाव को रोकना था। हालांकि, पिछली बार की तरह बार मीटिंग के दौरान ट्रंप और जेलेंस्की के बीच किसी भी तरह का कोई वाक्या देखने को नहीं मिला। जबकि, दोनों नेताओं ने मीडिया के सामने एक दूसरे की तारीफ करते दिखे।

हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि फिलहाल इतनी जल्दी सीजफायर संभव नहीं है। लेकिन, मीटिंग में यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने पर चर्चा हुई। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और यूरोपीय देश मिलकर इस पर काम करेंगे। इस बैठक के बीच में ही ट्रंप ने पुतिन से फोन पर करीब 40 मिनट बात की। मीटिंग के बाद जेलेंस्की ने बताया कि सुरक्षा गारंटी के बदले यूक्रेन यूरोप के पैसों से 90 अरब डॉलर (करीब 8 लाख करोड़ रुपये) के अमेरिकी हथियार खरीदेगा।

Created On :   19 Aug 2025 6:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story