Iran–Israel War: हूती विद्रोहियों ने ट्रंप को दी खुली चेतावनी, लाल सागर में अमेरिकी जहाजों और वॉरशिप को निशाने बनाने की भी दी धमकी, कहा- इजरायल का साथ न दें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान-इजरायल के बीच तनाव जारी है और दोनों ही देश एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। इस बीच ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने संयुक्त राज्य अमेरिका को खुली चेतावनी दी है। हूती विद्रोहियों ने कहा कि अगर अमिरेका इजरायल के साथ मिलकर ईरान में सैन्य कार्रवाई करता है तो हम लाल सागर में उसके सभी जहाजों और वॉरशिप्स को अपना निशाना बनाएंगे।
गौरतलब है कि, शनिवार को यमनी आर्म्ड फोर्सेज ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें हूती मिलिट्री के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सारी ने कहा- अगर अमेरिका इजरायली सेना के साथ मिलकर ईरान के खिलाफ आक्रामक सैन्य कार्रवाई करता है, तो यमनी आर्म्ड फोर्स लाल सागर में उसके सभी जहाजों और युद्धपोतों को अपना निशाना बनाएगी।
ट्रंप ने दी ईरान को धमकी
बता दें कि, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई को भी खुली चेतावनी दी थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें पता है कि खामेनेई कहां छिपे हैं। साथ ही, ट्रंप ने ईरान में जारी इजरायल के साथ सैन्य कार्रवाई में सीधे तौर पर शामिल होने के बारे में कहा था। लेकिन उन्होंने अपनी योजना को अगले दो हफ्तों के लिए टाल दिया। वहीं, राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर ईरान को धमकी दी। उन्होंने कहा कि ईरान को बिना किसी शर्त के सरेंडर कर देना चाहिए।
ईरान के विदेश मंत्री ने भी दी चेतावनी
इधर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ऐसी किसी भी कार्रवाई को लेकर अगाह किया। उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ ऐसी कोई भी कार्रवाई सबके लिए बेहद खतरनाक हो सकती है। जानकारों के मुताबिक, केवल अमेरिका के बंकर बस्टर बम ही ईरान के अत्याधिक सुरक्षित फोर्डो में बने न्यूक्लियर साइट्स को अपना निशाना बना सकते हैं।
Created On :   21 Jun 2025 11:56 PM IST













