Mojtaba Khamenei: सामने आए ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई, इजराइली मीडिया के ‘गंभीर हालत’ वाले दावे के बीच ईरान ने जारी किया वीडियो

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर चल रही अटकलों के बीच उनका एक नया वीडियो सामने आया है। जिसमें मोजतबा खामेनेई लोगों के साथ बैठे और बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में मोजतबा बिल्कुल स्वस्थ दिखाई दे रहे हैं और उनके आस-पास लोग भी ध्यान से उनकी बातें सुनते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी मेहर न्यूज ने जारी किया है। हालांकि, वीडियो को कब रिकॉर्ड किया गया था, इसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
बता दें कि, हाल ही में इजराइली मीडिया ने दावा किया था कि मोजतबा खामेनेई की हालत बेहद गंभीर है और उनकी मौत की खबर कभी भी सामने आ सकती है। माना जा रहा है कि इस तरह अफवाहों को खारिज करने के लिए ये ईरानी सरकार ने यह वीडियो जारी किया है।
यह भी पढ़े -पीएम मोदी के पास आया अमेरिकी उप-राष्ट्रपति का फोन, रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर हुई चर्चा
क्या है पूरा मामला?
खामेनेई ने अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई के 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के संयुक्त सैन्य हमलों में मारे जाने के कुछ समय बाद ही सर्वोच्च नेता का पद संभाला था। पद संभालने के बाद से वे सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं और केवल लिखित बयानों के जरिए ही बातचीत करते रहे हैं। उनकी सार्वजनिक मौजूदगी कम होने के कारण उनकी सेहत को लेकर लगातार तरह-तरह की खबरें और अटकलें सामने आती रही हैं।
यह भी पढ़े -अंतिम दौर में ईरान-ओमान समझौता, पूरी तरह नहीं खुलेगा होर्मुज स्ट्रेट, अमेरिका के सामने रखी मांग
हाल ही में कुछ इजराइली मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि मोजतबा खामेनेई की तबीयत बेहद खराब है। मीडिया रिपोर्टों में ईरान के अंदर मौजूद कथित सूत्रों के हवाले से ईरान के नए सुप्रीम लीडर की हालत गंभीर बताने के साथ ही कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि उनकी स्थिति लगातार बिगड़ रही है और उन्हें इलाज की जरूरत पड़ रही है। यही नहीं यहां तक कहा गया कि उनकी मौत की खबर कभी भी सामने आ सकती है।
इससे पहले जुलाई में, सऊदी समाचार आउटलेट 'अल हदाथ' ने इजराइल के सुरक्षा सूत्रों का हवाला देते हुए खबर दी थी कि खामेनेई "ईरान में नहीं हैं"। बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को बताया था कि ईरान के शीर्ष सैन्य नेतृत्व को खत्म कर दिया गया है और दावा किया कि सैन्य अभियान के बाद खामेनेई "90% खत्म" हो चुके हैं और काम करने में असमर्थ हैं।
यह भी पढ़े -100 ही नहीं 500% तक टैरिफ लगा सकते हैं ट्रंप? अमेरिकी राष्ट्रपति के पास कितना टैरिफ लगाने की ताकत, कैसे बनी कम पर सहमति?
सामने आया मोजतबा खामेनेई का वीडियो
ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी मेहर न्यूज ने 8 अगस्त को मोजतबा खामेनेई का एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में मोजतबा खामेनेई बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके आसपास कुछ अन्य लोग भी मौजूद हैं और वे उनसे बातचीत करते नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद इसे उनकी सेहत को लेकर चल रही अफवाहों का जवाब माना जा रहा है। हालांकि, यह वीडियो किस तारीख का है, इसकी पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए केवल इस वीडियो के आधार पर यह निश्चित तौर पर कहना जल्दबाजी होगी कि उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
Created On :   9 Aug 2026 8:54 AM IST












