यूरोप के देशों में गर्मी का कहर!: इटली के प्रमुख 27 शहरों में रेड अलर्ट जारी, ऑस्ट्रिया में टूटे सारे रिकॉर्ड

इटली के प्रमुख 27 शहरों में रेड अलर्ट जारी, ऑस्ट्रिया में टूटे सारे रिकॉर्ड
मौजूदा समय में पूरा यूरोप भीषण गर्मी और लू से परेशान है। यहां पर हालात इतने खराब हो गए हैं कि इटली सरकार ने अपने प्रमुख शहरों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है।

डिजिटल डेस्क, रोम। मौजूदा समय में पूरा यूरोप भीषण गर्मी और लू से परेशान है। यहां पर हालात इतने खराब हो गए हैं कि इटली सरकार ने अपने प्रमुख शहरों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं, इस भंयकर गर्मी के कारण कई देशों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। इस सीजन में ऑस्ट्रिया में तापमान के सारे पुराने रिकॉर्ड टूट गए हैं। इसके चलते फ्रांस से लेकर बाल्कन तक जंगलों में भीषण आग लग गई है, इस वजह से ट्रैफिक और बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है।

27 शहरों में अलर्ट जारी

इटली के स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को रेड अलर्ट जारी कर दिया है। ये कदम ऐसे समय पर उठाया है, जब देश के 27 शहरों की राष्ट्रीय हीट सर्विलांस सिस्टम की रिपोर्ट सामने आई है। ये अलर्ट देश के उत्तर-पूर्व के ट्रिएस्टे शहर से लेकर दक्षिण में सिसिली के पालेर्मो के लिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह खतरा सिर्फ बुजुर्गों या बिमार व्यक्तियों तक सीमित नहीं, बल्कि हर नागरिक के लिए हैं। इसके साथ ही प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों को सलाह दी कि वे दिन के सबसे गर्म समय में सीधे धूप में निकलने से बचे। इसके साथ कहा कि सभी लोग अपने घरों में रहे और समय-समय पर पानी खूब पीएं।

पर्यटन के क्षेत्र में बड़ा बदलाव

इस भीषण गर्मी का असर पर्यटन पर सीधे तौर पर देखने को मिल रहा है। पर्यटन और संस्कृति मंत्रालय ने रोम के मशहूर कोलोसियम और पैंथेन जैसे ऐतिहासिक स्थलों के खुलने के समय में परिवर्तन किया है। ये निर्णय पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया है। इन जगहों पर अब दिन की जगह शाम का घूमने का समय बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही कोलोसियम के एंट्री गेट पर पर्यटकों के लिए ठंडी हवा देने वाले मिस्ट फैन और मेडिकल कैंप लगाए गए हैं।

इस देश में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज

यूरोप के देशों में सबसे ज्यादा तापमान ऑस्ट्रिया में दर्ज किया गया है। जियोस्फेयर ऑस्ट्रिया ने बताया कि स्लोवाकिया की सीमा पर स्थित बैड डॉयच-अल्टेनबर्ग गांव में पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इस देश के इतिहास में यह सबसे खतरनाक तापमान है।

Created On :   6 Aug 2026 9:54 PM IST

Tags

Next Story