मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच: इजराइली PM नेतन्याहू ने पीएम मोदी को लगाया फोन, इजराइल-भारत संबंधों पर की चर्चा

इजराइली PM नेतन्याहू ने पीएम मोदी को लगाया फोन, इजराइल-भारत संबंधों पर की चर्चा
मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जंग जारी है। इस बीच इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जंग जारी है। इस बीच इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। पीएम नेतन्याहू ने पीएम मोदी का आभार जताया। इस दौरान दोनों देशों के नेताओं ने इजराइल-भारत के संबंधों को सशक्त करने का संकल्प लिया।

पीएम मोदी - नेतन्याहू के बीच फोन पर हुई बातचीत

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने गुरुवार को एक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, "मुझे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का फोन आया। हमने भारत और इजरायल के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं में हुई प्रगति की समीक्षा की, जो लगातार मजबूत और विकसित हो रही है।"

इजराइली पीएम ने पीएम मोदी के इस पोस्ट को रि-पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि मेरे दोस्त भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपका धन्यवाद। हम मिलकर इजराइल और भारत के बीच के रिश्तों को मजबूत बनाएंगे।

इस संबंध में भारतीय प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से भी बयान जारी किया गया। पीएमओ के मुताबिक, दोनों देशों के नेताओं ने भारत-इजराइल की विशेष रणनीतिक साझेदारी में हो रही लगातार प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही दोनों देशों ने पारस्परिक लाभ के लिए कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और प्रगाढ़ करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बयान में आगे बताया गया कि पीएम नेतन्याहू और पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट में हालिया घटनाक्रमों पर भी चर्चा की। दोनों नेता संपर्क में बने रहने पर सहमत हुए।

ईरान-ओमान में समझौता

ईरान ने गुरुवार को कहा कि वह ओमान के साथ होर्मुज पर एक समझौते का मसौदा तैयार करने के अंतिम चरण में है। यह जलडमरूमध्य वैश्विक पोत परिवहन और ऊर्जा आपूर्ति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। बता दें कि फरवरी में ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों से शुरू हुए संघर्ष से पहले दुनिया का लगभग 20 फीसदी तेल और गैस फारस की खाड़ी के पास स्थित इसी जलमार्ग से होकर गुजरता था।

Created On :   8 Aug 2026 8:44 AM IST

Tags

Next Story