नाइजीरिया: स्कूल पर बंदूकधारियों का हमला, 300 से अधिक छात्राओं का अपहरण किया

Gunmen Kidnapped Over 300 Girls In Nigeria School
नाइजीरिया: स्कूल पर बंदूकधारियों का हमला, 300 से अधिक छात्राओं का अपहरण किया
नाइजीरिया: स्कूल पर बंदूकधारियों का हमला, 300 से अधिक छात्राओं का अपहरण किया
हाईलाइट
  • 300 लड़कियां लापता
  • सुरक्षा चौकी पर भी हुआ हमला
  • नाइजीरिया में पिछले कुछ समय से स्कूली बच्चे बनाए जा रहे हैं निशाना
  • बीते साल दिसंबर में भी 300 से अधिक छात्राओं का अपहरण हुआ था

डिजिटल डेस्क, लागोस। उत्तरी नाइजीरिया में सैंकड़ों स्कूली छात्राओं के अपहरण का मामला सामने आया है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार एक शिक्षक ने बताया कि शुक्रवार सुबह बंदूकधारियों के हमले के बाद से करीब 300 छात्राओं के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

सरकार के एक प्रवक्ता ने हमले की पुष्टि की है, लेकिन इसके बारे में ज्यादा जानकरी नहीं दी। पिछले कुछ हफ्तों में हुए अपहरण घटनाओं में ये सबसे बड़ी घटना है। बताया जा रहा है कि यह स्कूल उत्तरी पश्चिमी नाइजीरिया के जांफ्रा शहर के जैंगेबे इलाके में है। यहीं पर स्कूल का एक हॉस्टल भी है, जिसमें लड़कियां रहती हैं। 

स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक यहां मोटर साइकिल और गाड़ियों पर सवार बंदूकधारियों के एक समूह ने हमला किया। हमलावरों ने सरकारी सुरक्षा अधिकारियों जैसे कपड़े पहने थे और उन्होंने जबरदस्ती छात्राओं को अपनी गाड़ियों में बैठाया और फरार हो गए। राजधानी अबुजा में बच्चों के माता-पिता परेशान हैं, कई लोग स्कूल के बाहर इकट्ठा हो गए और कुछ जंगल में अपने बच्चों को खोज रहे हैं।

300 लड़कियां लापता, सुरक्षा चौकी पर भी हुआ हमला
एक शिक्षक ने बताया कि स्कूल में कुल 421 छात्र हैं, जिनमें से 55 सुरक्षित हैं, और आशंका है कि 300 छात्राओं का अपहरण कर लिया गया है। वहीं स्थानीय नागरिक नसीरू अब्दुल्लाही ने बताया कि स्कूल के रिकॉर्ड के अनुसार 300 लड़कियां लापता हैं, जिनमें से उनकी 10 वर्षीय और 13 वर्षीय दो बेटियां भी शामिल हैं। स्थानीय नागरिक मूसा मुस्तफा ने कहा कि हथियारबंद लोगों ने पास के ही सैन्य शिविर और सुरक्षा चौकी पर भी हमला किया, ताकि सैनिक कोई जवाबी कार्रवाई नहीं कर सकें।

किसी के हताहत होने की नहीं मिली सूचना
मुस्तफा ने दावा किया कि हमलावर समूह के लोग घंटों तक स्कूल में ही रहे। हालांकि, किसी के हताहत होने के संबंध में कोई सूचना नहीं है। पश्चिमी अफ्रीकी इस देश में पिछले कई सालों से इस तरह से अपहरण करने और हमला करने के मामले सामने आते रहे हैं।

फिरौती के लिए बीते शुक्रवार को 42 लोगों को किया था अगवा
बता दें पिछले कुछ समय में स्कूली बच्चे नाइजीरिया में निशाने पर रहे हैं। नाइजीरिया में हथियारबंद गुट अक्सर फिरौती के लिए लोगों का अपहरण करते हैं। बीते शुक्रवार की घटना से करीब दो सप्ताह पहले भी नाइजर राज्य में एक कॉलेज से हथियारबंद लोगों ने 42 लोगों को अगवा कर लिया था, जिनमें 27 छात्र भी शामिल थे। 

बीते साल दिसंबर में भी 300 से अधिक छात्राओं का अपहरण हुआ था
बीते साल दिसंबर में 300 से अधिक छात्रों को अगवा कर लिया गया था, हालांकि बातचीत के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। वहीं पड़ोसी देश नीजेर में पिछले हफ्ते 27 छात्रों समेत कम से कम 42 लोगों को अगवा किया गया था। उनके बारे में भी अभी ज्यादा जानकारी मौजूद नहीं है।

Created On :   26 Feb 2021 8:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story