मिडिल ईस्ट में 'पीस डील' की उड़ी धज्जियां: ईरान के हमलों का अमेरिका ने दिया जवाब, मिसाइल-ड्रोन साइट्स को बनाया निशाना, हमले से बिफरे ईरानी सांसद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक कारोबारी जहाज पर ड्रोन हमले के बाद अमेरिका ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमला किया है। इस हमले के तुरंत बाद ईरान की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरानी सांसद इब्राहिम अजीजी ने अमेरिका पर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि बातचीत के बीच हमला कर अमेरिका ने साबित कर दिया है कि उसे न वार्ता की परवाह है और न ही युद्धविराम की।
यह भी पढ़े -चीन ने पाकिस्तान का खुलकर किया समर्थन, अमेरिका-ईरान शांति समझौते की मध्यस्थता के नेतृत्व पर की टिप्पणी
ईरानी सांसद ने एक्स पर शेयर किया पोस्ट
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ईरानी सांसद इब्राहिम अजीजी ने लिखा, 'अमेरिका ने एक बार फिर बातचीत के बीच ईरान पर हमला किया। असफल अमेरिकी राष्ट्रपति ने दिखा दिया है कि उसे बातचीत के सिद्धांतों या सीजफायर के प्रति कोई प्रतिबद्धता नहीं है। युद्धविराम का यह लापरवाह उल्लंघन हमेशा की तरह अंत में अमेरिका के लिए पीछे हटने और पछताने की वजह बनेगा। अब ब्लेम गेम नहीं चलेगा।'
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि 25 जून को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से ओमान के तट के पास गुजर रहे सिंगापुर के झंडे वाले मालवाहक जहाज एम/वी एवर लवली पर एकतरफा हमलावर ड्रोन से हमला किया गया था। सेंटकॉम के अनुसार, इसके जवाब में 26 जून को अमेरिका सेना ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों को टारगेट किया था।
अमेरिकी सेना के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में ईरान के मिसाइल और ड्रोन भंडारण केंद्रों के अलावा तटीय रडार ठिकानों पर भी मिसाइल अटैक किया गया। सेंटकॉम ने दावा किया कि व्यावसायिक जहाज पर हमला पूरी तरह अनुचित था और यह युद्धविराम समझौते का साफ उल्लंघन है।
यह भी पढ़े -अमेरिका-ईरान समझौते पर जेडी वेंस का सख्त रुख, परमाणु कार्यक्रम, लेबनान समेत इन मुद्दों पर किया साफ
IMO ने जहाजों की आवाजाही पर लगाई रोक
सेंटकॉम ने कहा कि अमेरिकी सेना स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले सभी व्यावसायिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सहयोगी देशों के साथ समन्वय जारी रखेगी। अमेरिका का कहना है कि उसकी सेना पूरे क्षेत्र में पूरी तरह सतर्क और तैनात है ताकि ईरान के साथ हुए समझौते का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
ब्रिटेन की सेना ने भी पुष्टि की है कि ओमान के तट के पास एक कंटेनर जहाज किसी प्रोजेक्टाइल की चपेट में आया था। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) ने फारस की खाड़ी में फंसे जहाजों की निकासी फिलहाल रोक दी है। IMO का कहना है कि जब तक क्षेत्र में मौजूद अन्य जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक निकासी दोबारा शुरू नहीं की जाएगी। IMO के महासचिव अर्सेनियो डोमिंगुएज के मुताबिक, हाल के दिनों में करीब 115 जहाज जलडमरूमध्य से निकल चुके हैं, जबकि करीब 500 जहाज अब भी उस इलाके में मौजूद हैं।
Created On :   27 Jun 2026 3:50 PM IST













