दक्षिण कुवैत में दों बसों की टक्कर 7 भारतीयों समेत 15 कर्मचारियों की मौत
डिजिटल डेस्क, कुवैत। दक्षिण कुवैत में रविवार को दो बसों में जबरदस्त टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में सात भारतीयों समेत एक तेल कंपनी के 15 कर्मचारियों की मौत हो गई। इस घटना में दो भारतीय गंभीर रूप से घायल हैं। जिनमें से एक की हालत काफी ज्यादा गंभीर है। इस हादसे में एक कुवैती नागरिक भी गंभीर रूप से घायल है। सभी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। सरकारी कुवैत ऑयल कंपनी (केओसी) ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब कर्मचारियों को ले जा रही दो बसों में बर्गन ऑयल फील्ड के पास टक्कर हो गई।
कड़ी मशक्कत से बस में फंसे लोग निकाले गए
केओसी के मोहम्मद अल-बसरी ने बताया कि मारे गए लोगों में सात भारतीय, पांच मिस्र के नागरिक और अन्य तीन पाकिस्तानी थे। दमकल विभाग के प्रवक्ता कर्नल खलिल अल- आमिर ने बताया कि मरने वाले सभी एक निजी कंपनी बुरगान ड्रिलिंग के कर्मचारी थे। खाड़ी के अन्य अरब देशों की तरह कुवैत की भी प्रवासी मजदूरों के अधिकारों और खराब श्रम स्थितियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा की जा चुकी है।
सूचना के बाद फायर फाइटर्स ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बसों में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। अग्निशामकों ने चार व्यक्तियों को बड़ी मुश्किल से निकाला, जो बुरी तरह बस में फंस गए थे। गैस कटर से बस को काटकर लोगों को निकाला गया।
Created On :   2 April 2018 8:47 AM IST