रॉयटर्स के जर्नलिस्ट को श्रीलंका ने किया बेल पर रिहा, औपचारिक सुनवाई 9 मई को

रॉयटर्स के जर्नलिस्ट को श्रीलंका ने किया बेल पर रिहा, औपचारिक सुनवाई 9 मई को

डिजिटल डेस्क, कोलंबो। श्रीलंका की एक अदालत ने शुक्रवार को रॉयटर्स न्यूज एजेंसी के एक पत्रकार को जमानत पर रिहा कर दिया। श्रीलंका में एक विद्यालय में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। रॉयटर्स न्यूज एजेंसी ने इस मामले में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।

एक अधिकारी ने कहा कि कोलंबो के उत्तर में नेगोमबो की एक अदालत ने नई दिल्ली स्थित फोटोग्राफर दानिश सिद्दीकी को जमानत दी है। अधिकारी ने कहा, शुक्रवार को विशेष ध्यानाकर्षण के माध्यम से दानिश के वकीलों ने उसके लिए जमानत की गुहार लगायी थी। उसे मुचलके पर रिहा किया गया है। उसे नौ मई को अदालत में पेश होने को कहा गया है।

पुलिस ने कहा कि दानिश सिद्दीकी को कोलंबो के उत्तर में कटाना के एक स्कूल से शिकायत के बाद गिरफ्तार किया था। दानिश इस स्कूल में कथित रूप से जबर्दस्ती घुसने की कोशिश कर रहा था। दानिश ईस्टर संडे पर बम हमलों के बाद की स्थिति की कवरेज कर रहा था जिसमें 250 से ज्यादा लोगों की जान चली गयी थी और करीब 500 अन्य घायल हो गये थे। इस वक्त श्रीलंका में इमरजेंसी लगी हुई है जो पुलिस और सुरक्षा बलों को संदिग्धों को गिरफ्तार करने और उन्हें रोकने के लिए अधिक अधिकार देता है।

बता दें कि पिछले महीने ईस्टर संडे को श्रीलंका की चर्च और होटल में 8 सीरियल धमाके हुए थे। हमलावरों ने सेंट सेबेस्टियन चर्च के साथ-साथ पूर्वी तट पर बटिकालोआ, कोलंबो के कोच्चीकेड जिले की चर्चों के अलावा देश की राजधानी में शांगरी-ला, किंग्सबरी और सिनेमन ग्रैंड होटलों को निशाना बनाया था। सीरियल ब्लास्ट में 250 लोगों से ज्यादा की जान गई थी जिसमें 10 भारतीय भी शामिल है। ब्लास्ट में 500 अन्य घायल हुए थे। चर्चों और होटलों में ईस्टर संडे को हुए सिलसिलेवार धमाकों की जिम्मेदारी आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने ली है।

Created On :   3 May 2019 6:52 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story