Pakistan Hospital Fire: इस्लामाबाद के PIMS अस्पताल में भीषण आग, 15 नवजात बच्चों की दर्दनाक मौत, AC कंप्रेसर फटने से हादसे की आशंका

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड में अचानक आग लग गई। उस वक्त अस्पताल की नर्सरी में 16 नवजात बच्चे भर्ती थे। आग और धुएं के बीच सिर्फ एक बच्चे को सुरक्षित निकाला जा सका। बताया जा रहा है कि बाकी 15 बच्चों की जान चली गई। हादसे के बाद अस्पताल में चीख-पुकार मच गई और बच्चों के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
AC का कंप्रेसर फटने से लगी आग
बताया जा रहा है कि आग नर्सरी में लगे एयर कंडीशनर के कंप्रेसर में धमाका होने के बाद लगी। देखते ही देखते लपटें फैल गईं और कमरे में धुआं भर गया। आग बुझाने के लिए छह दमकल गाड़ियां और चार एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। फायरफाइटर्स ने खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर जाकर बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश की। आग पर काबू पाने के बाद दोबारा आग न लगे, इसके लिए कूलिंग का काम भी किया गया।
हादसे की होगी जांच
PIMS की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील के अनुसार, आग सुबह करीब 7 बजे लगी थी। प्रशासन ने मामले की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई है। टीम यह पता लगाएगी कि आग कैसे लगी और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी तो नहीं थी। हादसे में 14 बच्चों के शव पूरी तरह झुलस गए। घटना के बाद अस्पताल और आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
Created On :   26 Aug 2026 10:46 AM IST












