US News: अमेरिका ने दुनियाभर के वीजा अपॉइंटमेंट पर लगाई रोक, ट्रंप सरकार के फैसले से बढ़ी टेंशन, इमिग्रेशन पर भी सख्ती

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। अमेरिकी सरकार ने दुनियाभर के लोगों के वीजा अपॉइंटमेंट में बदलाव करने का फैसला लिया है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब डोनाल्ड ट्रंप की सरकार विदेशियों को लेकर नियम और सख्त कर रही है। अमेरिका में वीजा से लेकर ग्रीन कार्ड तक कई मामलों में जांच बढ़ाई जा रही है। कुछ लोगों के आवेदन भी अलग-अलग वजहों से रोके या खारिज किए जा रहे हैं। सरकार का कहना है कि इन कदमों का मकसद देश की सुरक्षा मजबूत करना है। हालांकि, उसके कई फैसलों को अदालत में चुनौती भी मिल रही है।
यह भी पढ़े -अमेरिका पहुंचे आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, न्यूयॉर्क में आयोजित कार्यक्रम को करेंगे संबोधित
दुनियाभर में वीजा अपॉइंटमेंट बदले जाएंगे
अमेरिकी विदेश विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दुनिया के सभी अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में एक खास ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस ट्रेनिंग के दौरान वीजा सेवाओं के अपॉइंटमेंट में बदलाव किया जाएगा। इसका असर अलग-अलग देशों से अमेरिका जाने के लिए वीजा लेने वाले लोगों पर पड़ सकता है।
ट्रंप सरकार ने बढ़ाई इमिग्रेशन पर सख्ती
डोनाल्ड ट्रंप की सरकार अमेरिका में इमिग्रेशन को लेकर लगातार कड़े कदम उठा रही है। इसमें लोगों को देश से बाहर भेजना, वीजा या ग्रीन कार्ड रद्द करना और कुछ आवेदन खारिज करना शामिल है। खास तौर पर कुछ लोगों की राजनीतिक सोच और इजरायल-गाजा मुद्दे को लेकर उनके विरोध-प्रदर्शन को भी जांच के दायरे में रखा गया है। सरकार का कहना है कि यह सब देश की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।
अदालत में भी मिली चुनौती
आपको बता दें कि, ट्रंप सरकार के इन फैसलों को अदालत में भी चुनौती मिल रही है। शुक्रवार को एक अमेरिकी जज ने सरकार की उस नीति को रद्द कर दिया, जिसके तहत 75 देशों के लोगों के इमिग्रेंट वीजा पर रोक लगाई गई थी। जज ने कहा कि यह फैसला अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के कानूनी अधिकार से बाहर था। यानी अदालत ने सरकार की इस नीति पर सवाल उठाते हुए उसे लागू करने से रोक दिया।
Created On :   26 Aug 2026 9:57 AM IST












