ट्रंप टैरिफ में कटौती: अमेरिका ने भारत पर लगाए 25 फीसदी टैरिफ को घटाया, ट्रेड डील को लेकर भी कही ये बड़ी बात

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिका से भारत के लिए अच्छी खबर सामने आई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया था, जिसे घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। यह जानकारी ट्रंप ने सोशल मीडिया ट्रूथ पर शेयर करते हुए दी है। इस दौरान उनका कहना है कि दोनों देशों के बीच ट्रेड डील पर भी सहमति बन गई है। ट्रंप ने यह ऐलान आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर हुई बातचीत के बाद किया है।
ट्रंप ने पोस्ट शेयर करते हुए पीएम मोदी की तारीफ की है और कहा कि अब भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा। साथ ही कहा कि अब भारत ज्यादा तेल वेनेजुएला से खरीदेगा।
यह भी पढ़े -ईरान की सेना और मिसाइलें सक्रिय, हर हमले का निर्णायक जवाब देने को तैयार खामेनेई, संसद में संघर्ष पर विस्तृत चर्चा
सबसे करीबी दोस्त में एक पीएम मोदी
ट्रंप ने पोस्ट साझा करते हुए कहा, "'आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वे मेरे सबसे करीबी दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं। हमने ट्रेड और रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने सहित कई मुद्दों पर बात की। भारत रूस से तेल की खरीद को बंद करने के साथ-साथ अमेरिका और वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हुआ है। इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर हफ्ते हजारों लोग मर रहे हैं।"
ट्रेड डील पर दी प्रतिक्रिया
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दोस्ती और सम्मान के नाते और उनके अनुरोध पर तुरंत प्रभाव से, हम संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच एक ट्रेड डील पर सहमत हुए। इसके तहत अमेरिका रेसिप्रोकल टैरिफ को कम करके 25 फीसदी से 18 फीसदी कर देगा। भारत भी इसी प्रकार अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-शुल्क बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।"
बाय अमेरिकन नीति के तहत होगी खरीदी
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि पीएम मोदी ने अमेरिका से 'बाय अमेरिकन' नीति के तहत बड़े पैमाने पर खरीदारी करने का वादा किया है। इसमें 500 अरब डॉलर से ज्यादा के अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद शामिल किए गए है। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देशों के संबंध आने वाले दिनों में और भी मजबूत होने वाले हैं।
Created On :   2 Feb 2026 11:32 PM IST












