सुरजागढ़ की रैली से 2 खूंखार नक्सली गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। जिला पुलिस विभाग के सी-60 कमांडोज को एक और बड़ी सफलता हासिल हुई है। एटापल्ली शहर में सुरजागढ़ माइनिंग के खिलाफ निकाली गयी रैली में शामिल 2 खूंखार नक्सलियों को गिरफ्तार करने में पुलिस सफल हुई है। गिरफ्तार दोनों नक्सलियों पर सरकार ने 2-2 लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में गट्टा दलम सदस्य व एक्शन टीम सदस्य गाेरगट्टा निवासी मुडा मासा झोही (32) और जनमिलिशिया दलम सदस्य बोड़मेटा निवासी मैनु दोरपेटी का समावेश है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को ग्रामीणों द्वारा सुरजागढ़ लौह परियोजना के खिलाफ एटापल्ली शहर में रैली का आयोजन किया गया था। इस रैली में नक्सलियों की मौजूदगी होने की खुफिया जानकारी पुलिस को मिली थी।
जानकारी के आधार पर पुलिस ने बड़ी ही सतर्कता से दोनों नक्सलियों को धर-दबोचा। गिरफ्तार नक्सली मुडा झोही का अनेक अपराधों में सक्रिय सहभाग रहा है। वह गट्टा दलम का सक्रिय सदस्य होकर एक्शन टीम सदस्य के रूप में कार्यरत था। 18 सितंबर 2019 को एटापल्ली निवासी सोमाजी चैतू सडमेक की हत्या समेत 11 मई 2021 को गट्टा (जांभिया) पुलिस मदद केंद्र पर िकये गये हमले में उसका सहभाग था। सरकार ने उस पर 2 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। वहीं जनमिलिशिया सदस्य मैनू दाेरपेटी भी अनेक अपराधों में शामिल था। उस पर सरकार ने 2 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल के मार्गदर्शन में विशेष अभियान दल (सी-60) के जवानों ने की।
आंदोलनकर्ताओं को मनाने में विफल रहा जिला प्रशासन
लगातार चौथे दिन भी जारी इस आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को गड़चिरोली के जिलाधिकारी संजय मीणा और जिला पुलिस विभाग के आला-अधिकारी ने एटापल्ली पहुंचकर आंदोलनकर्ता आदिवासियों से चर्चा करने का प्रयास किया। लेकिन जब तक लिखित रूप में सुरजागढ़ समेत जिले की सभी 25 माइनिंग को रद्द करने का आश्वासन नहीं मिलता तब तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय आंदोलनकर्ताओं द्वारा लिया गया। इस कारण जिला प्रशासन द्वारा आंदोलनकर्ताओं को मनवाने का यह प्रयास पूरी तरह विफल साबित हुआ। जिलाधिकारी मीणा ने इस समय दीपावली के बाद एक विशेष बैठक का आयोजन कर समस्या का निवारण करने का आश्वासन दिया। लेकिन इस आश्वासन को आदिवासियों ने पूरी तरह अमान्य किया।
Created On :   29 Oct 2021 2:26 PM IST