- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- बीआरसी वाहनों की कमी के कारण कूड़ा...
Pune City News: बीआरसी वाहनों की कमी के कारण कूड़ा उठाने में हो रही देरी

- मनपा के पास केवल 72 वाहन
- अब किराए पर लेंगे 12 अतिरिक्त वाहन
भास्कर न्यूज, पुणे। शहर के विभिन्न हिस्सों में बने फीडर पॉइंट पर दिनभर कचरा पड़े रहने की शिकायतें मिल रही हैं। पॉइंट से कचरा उठाकर प्रसंस्करण केंद्रों पर ले जाने वाले वाहनों की कमी के कारण कचरा दिनभर वहीं पड़ा रहता है। मनपा के पास केवल 72 बीआरसी वाहन और 12 क्लोज्ड कंटेनर हैं। अतिरिक्त वाहनों की जरूरत के कारण अब मनपा प्रशासन ने 12 नए बीआरसी वाहन किराए पर लेने का निर्णय लिया है।
मनपा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग के दस प्रतिशत वाहन रखरखाव या अन्य कार्यों से सड़कों पर नहीं आते। इससे कचरा परिवहन में देरी हो रही है। आमतौर पर शहर में सोसाइटियों से कचरा एकत्र करने वाले कर्मचारी फीडर पॉइंट पर कचरा लाकर रखते हैं। कचरे को विकेंद्रीकृत करने के बाद बीआरसी वाहन के माध्यम से प्रसंस्करण परियोजना में भेजा जाता है। समय पर नहीं उठने से कचरा जमा करने वाले कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सुबह कचरा जमा करने के बाद गाड़ियों के इंतजार में वहां कर्मचारियों को घंटों तक रुकना पड़ रहा है।
मनपा की अतिरिक्त आयुक्त का कार्यभार संभालने के बाद पवनीत कौर ने बताया कि उन्होंने कचरा जमा करने वाले कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं समझी हैं। वाहनों की कमी की समस्या को खत्म करने के लिए तत्काल 12 बीआरसी वाहनों को किराए पर लेने के निर्देश दिए हैं। अतिरिक्त वाहन आने से प्रसंस्करण केंद्र में कचरा भेजने में देरी नहीं होगी।
नगर रोड क्षेत्र में पायलट प्रोजेक्ट
नगर रोड क्षेत्र में घर-घर जाकर कचरा एकत्र करने का पायलट प्रोजेक्ट लागू किया गया है। हालांकि, सभी नागरिक अभी भी गीले और सूखे कचरे को अलग नहीं कर रहे हैं। कुछ क्षेत्रों में कचरा अलग किया जाता है, कहीं दोनों तरह का कचरा मिक्स कर दिया जाता है।
Created On :   13 Nov 2025 3:49 PM IST












