नाश्ते में सिर्फ फलों का सेवन पड़ सकता है आप पर भारी
डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। कुछ समय पहले फलों पर ही जीवित रहने के प्राचीन सिद्धांत को लेकर काफी बहस हुई थी। कुछ विशेषज्ञों ने इसका समर्थन किया था तो वहीं कुछ ने इसका विरोध भी किया। इसमें कोई शक नहीं है कि फलों में विटामिन्स, मिनरल्स, फाइबर्स और कार्बोहाइड्रेट्स पाए जाते हैं। सुबह के नाश्ते में सिर्फ इनका ही सेवन आपकी सेहत की गारंटी नहीं है। जी हां, फलों से बहुत सारे फायदे होते हैं लेकिन सिर्फ फलाहार करना समझदारी का निर्णय नहीं है। सुबह के नाश्ते में भरपूर मात्रा में प्रोटीन और न्यूट्रिशन होना बहुत जरूरी है।
ब्लड शुगर लेवल हो जाता है कम
सुबह का नाश्ता हमेशा कार्ब्स, प्रोटीन्स, फाइबर, फैट्स, विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर होना चाहिए। दरअसल रात के लम्बे समय के बाद हम सुबह का नाश्ता लेते हैं इसीलिए ब्रेकफास्ट हमारी लाइफस्टाइल का एक महत्वपूर्ण भाग होता है। ये आपको दिन भर एनर्जेटिक रखने में मदद करता है। अगर आप सिर्फ फलों पर ही निर्भर रहेंगे तो इससे आपका ब्लड शुगर लेवल कम हो जाएगा। इस वजह से कई बीमारियां होने की भी आशंका रहती है।
इस वजह से बढ़ता है वजन
माना जाता है कि सुबह के वक्त सिर्फ फल खाने से वजन बढ़ता है। इसके कारण बॉडी में न्यूट्रिएंट्स की कमी हो जाती है। इस वजह से लोग अक्सर दोपहर और रात के भोजन का अधिक मात्रा में सेवन करते हैं और अपना वजन तेजी से बढ़ा लेते हैं।
स्किन दिखने लगती है डल
फल हमारी स्किन को चमकदार बनाने में मदद करते हैं। जब आप अपने सुबह के नाश्ते के सेवन में सही मात्रा में विटामिन्स और मिनरल्स नहीं लेते तो इन फलों का आपके शरीर पर ज्यादा असर नहीं हो पाता। सुबह फलों का सेवन करने में कोई नुकसान नहीं है लेकिन इसके साथ न्यूट्रिशन से भरा नाश्ता करने की भी जरूरत है।
हर समय भूख लगना
अगर आप सुबह नाश्ता नहीं करते हैं तो दिन भर आपको भूख लगती है। गलत वक्त पर भूख लगना एक आदत बन जाए तो इससे काफी दिक्कत होती है। ऐसे में आप बिना सोचे समझे जंक फूड या फ्राइड फूड का सेवन करते हैं।
एनर्जी लेवल हो जाता है कम
सही तरीके से सुबह नाश्ता न करने पर दिन भर ऑफिस के काम या घर के कामों से थकान होने लगती है। इन सब का परिणाम ये होता है कि आपका एनर्जी लेवल पूरी तरह से कम हो जाता है। सुबह का ब्रेकफास्ट दिन भर आपको एक्टिव रखता है लेकिन अगर आप सिर्फ फलों पर ही निर्भर हैं तो इससे आपका मेटाबोलिज्म कम हो जाएगा।
Created On :   28 March 2018 2:35 PM IST