Share Market Closing Bell: मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स में 827 अंकों की बढ़त, निफ्टी 24200 के पार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के पांचवें और आखिरी दिन (10 जुलाई 2026, शुक्रवार) मजबूती के साथ बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही हरे निशान पर रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 827.57 अंक यानि कि 1.08 प्रतिशत बढ़कर 77,569.39 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 244.10 अंक यानि कि 1.02 प्रतिशत बढ़कर 24,206.90 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के अंत में करीब 2756 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, वहीं 1316 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 171 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में जियो फाइनेंशियल, एचडीएफसी लाइफ, अडानी एंटरप्राइजेज, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर डॉ. रेड्डीज लैब्स, एटरनल, भारती एयरटेल, नेस्ले और सन फार्मा के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
वहीं सेंसेक्स की 30 में से 25 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें रिलायंस, टेक महिन्द्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर 5 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें इटरनल, भारती एयरटेल, सनफार्मा, ट्रेंट और आईटीसी के शेयर शामिल हैं।
बात करें भारतीय रुपया की तो बीते बंद के मुकाबले शुक्रवार को इसमें मामूली बढ़त देखने को मिली और यह 95.32 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 95.26 पर खुला था। जबकि, एक दिन पहले गुरुवार की सुबह रुपया 95.55 प्रति डॉलर पर फ्लैट खुला था और शाम को यह 95.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, सुबह बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 647.78 अंक यानि कि 0.84 प्रतिशत बढ़कर 77,389.60 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 190.30 अंक यानि कि 0.79 प्रतिशत बढ़कर 24,153.10 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते कारोबारी दिन (09 जुलाई 2026, गुरुवार) शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी और शाम को भी बाजार बढ़त के साथ ही बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 238.22 अंक यानि कि 0.31% बढ़कर 76,741.82 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 80.75 अंक यानि कि 0.34% बढ़कर 23,962.80 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :   10 July 2026 4:15 PM IST









