Share Market Closing Bell: ट्रंप के बयान से धराशायी हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 1600 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी 23890 के नीचे बंद हुआ

ट्रंप के बयान से धराशायी हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 1600 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी 23890 के नीचे बंद हुआ
आज सेंसेक्स 1,677.12 अंक गिरकर 76,503.60 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 516.65 अंक गिरकर 23,882.05 पर बंद हुआ।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मिडिल ईस्ट में एक बार फिर से तनाव बढ़ गया है और इस बीच आज दोपहर अमरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के एक बयान से शेयर बाजार में भारी बिकवाली आ गई। ट्रंप ने कहा कि वे अब ईरान के साथ डील नहीं चाहते हैं और ईरान के साथ युद्धविराम और समझौता ज्ञापन (MoU) असल में खत्म हो चुके हैं। उनके इस बयान के बाद भारतीय शेयर बाजार (Share Market) धराशायी हो गया। प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) जहां 1600 अंक से अधिक टूटा, वहीं एनएसई निफ्टी (Nifty) भी 23890 के नीचे आ गिरा।

कारोबारी सप्ताह के तीसरे दिन (08 जुलाई 2026, बुधवार) बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 1,677.12 अंक यानि कि 2.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,503.60 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 516.65 अंक यानि कि 2.12 प्रतिशत गिरकर 23,882.05 के स्तर पर बंद हुआ।

कारोबार के अंत में करीब 1023 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, वहीं 3070 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 159 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में जियो फाइनेंशियल, इंटरग्लोब एविएशन, श्रीराम फाइनेंस, मारुति सुजुकी और एचयूएल के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर ओएनजीसी, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, कोल इंडिया और बजाज ऑटो के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।

वहीं सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। इनमें इंडिगो, मारुति, हिन्दुस्तान यूनिलिवर, बजाज फाइनेंस, कोटक बैंक, एमएंडएम, आईटीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और एलएंडटी के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।

बात करें भारतीय रुपया की तो बीते बंद के मुकाबले बुधवार को सुबह इसमें 58 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 95.55 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 95.16 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, एक दिन पहले मंगलवार की सुबह रुपया 95.33 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 94.97 पर बंद हुआ था।

आपको बता दें कि, सुबह शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 420.78 अंक यानि कि 0.54 प्रतिशत गिरकर 77,759.94 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 134.10 अंक यानि कि 0.55 प्रतिशत गिरकर 24,264.60 के स्तर पर खुला था।

जबकि, बीते कारोबारी दिन (07 जुलाई 2026, मंगलवार) बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी और शाम को भी यह बढ़त के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 104.35 अंक यानि कि 0.13 प्रतिशत बढ़कर 78,180.72 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 31.65 अंक यानि कि 0.13 प्रतिशत बढ़कर 24,398.70 के स्तर पर बंद हुआ था।

Created On :   8 July 2026 3:47 PM IST

Tags

Next Story