Share Market Closing Bell: शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 938 अंक उछला, निफ्टी 23400 के पार बंद हुआ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) में लगातार गिरावट के बाद कारोबारी सप्ताह के पहले दिन (16 मार्च 2026, सोमवार) रौनक लौटी है। दिनभर के उतार- चढ़ाव के बाद प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही हरे निशान पर बंद हुए। आज बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 938.93 अंक यानि कि 1.26 प्रतिशत बढ़कर 75,502.85 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 257.70 अंक यानि कि 1.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,408.80 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के अंत में करीब 1410 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, वहीं 2772 शेयरों में गिरावट आई, जबकि, 157 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में एमएंडएम, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट और एचडीएफसी बैंक के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, विप्रो, मैक्स हेल्थकेयर, सन फार्मा और कोल इंडिया के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
वहीं सेंसेक्स की 30 में से 24 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट, एचडीएफसी बैंक, एमएंडएम, इटरनल, बजाज फाइनेंस और आईटीसी के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर 6 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, सनफार्मा, पावरग्रिड, भारती एयरटेल और एनटीपीसी के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
बात करें भारतीय रुपया की तो सोमवार को इसमें बीते बंद के मुकाबले मामूली बढ़त देखने को मिली और यह 92.42 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 92.44 पर फ्लैट खुला था। जबकि, बीते शुक्रवार की सुबह रुपया 92.34 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 92.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, सुबह बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 106.92 अंक यानि कि 0.14 प्रतिशत गिरकर 74,457.00 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 19.85 अंक यानि कि 0.09 प्रतिशत गिरकर 23,131.25 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते सत्र (13 मार्च 2026, शुक्रवार) में बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी और शाम को यह गिरावट के साथ ही बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 1470.50 अंक गिरकर 74,563.92 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 488.05 अंक गिरकर 23,151.10 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :   16 March 2026 3:40 PM IST












