Share Market Closing Bell: शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन हुआ धड़ाम, निवेशकों के 10 लाख करोड़ रुपए हुए स्वाहा

शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन हुआ धड़ाम, निवेशकों के 10 लाख करोड़ रुपए हुए स्वाहा
आज सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में भारी गिरावट से शेयर बाजार में हाहाकार मच गया। बाजार में आई इस बड़ी गिरावट से कुछ ही घंटों में निवेशकों के 10 लाख करोड़ रुपए स्वाहा हो गए।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। इजरायल- ईरान युद्ध का भारतीय शेयर बाजार (Share Market) पर बुरा असर दिखाई दे रहा है। कारोबारी सप्ताह के पांचवें और आखिरी दिन (13 मार्च 2026, शुक्रवार) प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) में भारी गिरावट से हाहाकार मच गया। बाजार में आई इस बड़ी गिरावट से कुछ ही घंटों में निवेशकों के 10 लाख करोड़ रुपए स्वाहा हो गए।

आज बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 1470.50 अंक यानि कि 1.93 प्रतिशत गिरकर 74,563.92 के स्तर पर बंद हुआ। गिरावट से बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 10 लाख करोड़ रुपए घट गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 488.05 अंक यानि कि 2.06 प्रतिशत गिरकर 23,151.10 के स्तर पर बंद हुआ।

कारोबार के अंत में करीब 3200 शेयरों में गिरावट आई, वहीं 899 शेयरों में बढ़त देखने को मिली और 125 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी में हिंडाल्को, एलएंडटी, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर टाटा कंज्यूमर, एचयूएल और भारती एयरटेल के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।

वहीं सेंसेक्स की 30 में से 28 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें एलएंडटी, टाटा स्टील, एसबीआई, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट और एक्सिस बैंक के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर हिन्दुस्तान यूनिलिवर और भारती ऐयरटेल के शेयर हरे निशान पर बंद होने में कामयाब रहे।

बात करें भारतीय रुपया की तो शुक्रवार को इसमें बीते बंद के मुकाबले 26 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 92.45 प्रति डॉलर के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 92.34 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, एक दिन पहले गुरुवार की सुबह रुपया 92.27 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 92.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। था।

आपको बता दें कि, सुबह बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 544.58 अंक यानि कि 0.72 प्रतिशत गिरकर 75,489.84 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 163.30 अंक यानि कि 0.69 प्रतिशत गिरकर 23,475.85 के स्तर पर खुला था।

जबकि, बीते कारोबारी दिन (12 मार्च 2026, गुरुवार) बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी और शाम को यह भारी गिरावट के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 829.29 अंक नीचे 76,034.42 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 227.70 अंक नीचे 23,639.15 के स्तर पर बंद हुआ था।

Created On :   13 March 2026 3:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story