Air India Plane Crash: अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान की प्रक्रिया जारी, जानें अब तक कितने DNA सैंपल्स हुए मैच?

- अहमदाबाद विमान हादसा अपडेट
- शवों की पहचान जारी
- 211 डीएनए मैच
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। इस बीच अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अधीक्षक राकेश जोशी बताया कि 211 DNA सैंपल्स मैच हो गए हैं। जैसे ही इसकी रिपोर्ट आती है मृतकों के परिजनों को सूचित कर उन्हें बुलाया जाएगा। दरअसल, एयर इंडिया की फ्लाइट के क्रैश होने से विमान में सवार क्रू मेंबर्स सहित 241 लोगों की मौत हो गई थी। लाशें इतनी बुरी तरह जलीं कि देख कर पहचान करना मुश्किल हो रहा था। इसलिए, मृतकों के परिवार वालों के डीएनए कलेक्ट कर शवों की पहचान की जा रही है।
211 डीएनए सैंपल्स मैच
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अधीक्षक राकेश जोशी ने अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 211 (डीएनए) नमूनों का मिलान हो गया है। अन्य सभी नमूनों की पुष्टि की जा रही है। प्रशासन अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहा है। जैसे ही रिपोर्ट आएगी, तुरंत परिवारों को बुलाया जाएगा। हम एक मिनट भी बर्बाद नहीं करना चाहते। हम परिवारों की सहायता के लिए यहां हैं।
पूर्व सीएम विजय रूपाणी का निधन
अहमदाबाद में 12 जून को हुए विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन हो गया था। रूपाणी के शव की पहचान उनके भतीजे अनिमेष रूपाणी के डीएनए से की गई। जानकारी के मुताबिक, पूर्व सीएम के मृतदेह को एआई 100 नंबर दिया गया।
विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत
एयर इंडिया के पैसंजर विमान एआई-171 के क्रैश होने से 241 लोगों की मौत हो गई। प्लेन को टेकऑफ किए चंद सेकंड हुए थे कि तकनीकी खराबी के चलते विमान क्रैश हो गया। क्रैश होने के बाद प्लेन सीधा एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकराया। जहां बहुत से ट्रेनी डॉक्टर्स थे। इमारत पर प्लेन गिरने से 25 से 30 ट्रेनी डॉक्टर्स की भी मौत हो गई। विमान में कुल 242 लोग थे लेकिन सिर्फ एक शख्स ही बच सका। विमान में ब्रिटेन के 53, पुर्तगाल के 7 और कनाडा का एक नागरिक मौजूद था। इसके अलावा सभी यात्री भारतीय थे।
Created On :   19 Jun 2025 12:55 PM IST