मौसम अलर्ट: मध्यप्रदेश में बढ़ी ठिठुरन, शनिवार से बदलेगा मौसम, कई इलाकों में होगी बारिश, दिल्ली में गिरेगा तापमान

मध्यप्रदेश में बढ़ी ठिठुरन, शनिवार से बदलेगा मौसम, कई इलाकों में होगी बारिश, दिल्ली में गिरेगा तापमान
  • दिल्ली के अलावा मध्यप्रदेश में भी होगी बारिश
  • शनिवार को बदलेगा एमपी का मौसम
  • 14 फरवरी तक कई हिस्सों में बारिश होने के आसार

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में ठंड का असर फिर बढ़ गया है। कई इलाकों में दिन का तापमान भी लुढ़का है। सबसे कम तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी का रिकॉर्ड किया गया। यहां दिन का तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा जबलपुर और दतिया समेत प्रदेश के 15 शहरों में दिन का तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार यानी 10 फरवरी की रात से मौसम एक बार फिर करवट लेगा।

प्रदेश के महानगरों की बात करें तो इनमें जबलपुर का तापमान सबसे कम रहा। यहां 23.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं भोपाल में 25.5 डिग्री, इंदौर में 25.8 डिग्री और ग्वालियर में 24.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इन इलाकों में हो सकती है बारिश

विभाग ने 10 से 14 फरवरी के बीच राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। विभाग का कहना है कि शनिवार देर रात से लेकर रविवार तक बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके अलावा जबलपुर, ग्वालियर, सागर, रीवा और नर्मदापुरम संभाग के जिलों में 13 से 14 फरवरी के बीच बारिश होने के आसार हैं। वहीं प्रदेश पूर्वी हिस्से में 13 फरवरी को बूंदाबांदी हो सकती है।

बात करें राजधानी भोपाल की तो 11 जनवरी को भोपाल में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक साइकोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के चलते राजधानी में बूंदाबांदी हो सकती है।

दिल्ली में भी होगी बारिश

मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में भी बारिश होने के आसार जताए हैं। विभाग की मानें तो 13 और 14 जनवरी के राजधानी में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना भी है। वहीं शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा। सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा।

Created On :   9 Feb 2024 8:23 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story