Education Ministry Statement On Fire: दिल्ली फायरकांड पर सरकार ने दी प्रतिक्रिया, कहा- 'शिक्षा मंत्रालय में आग नहीं लगी...'

दिल्ली फायरकांड पर सरकार ने दी प्रतिक्रिया, कहा- शिक्षा मंत्रालय में आग नहीं लगी...
नई दिल्ली के आईटीओ स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के कैंपस में आग लगी, जिसको लेकर शिक्षा मंत्रालय ने सफाई दी है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नई दिल्ली के आईटीओ इलाके में सोमवार को सुबह अफरा-तफरी देखने को मिली है। स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के परिसर में आग लगने की घटना सामने आई। पहले तो खबरों में बताया जा रहा था कि ये आग शिक्षा मंत्रालय के दफ्तर में लगी है, लेकिन बाद में केंद्र सरकार की तरफ से इस मामले पर स्थिति पूरी तरह से साफ कर दी गई है।

शिक्षा मंत्रालय ने दूर किया भ्रम

इस पूरी घटना के बाद शिक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि आग मंत्रालय के कार्यालय में नहीं लगी थी। मंत्रालय ने बताया कि उसका मुख्य कार्यालय कर्तव्य भवन-2, डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड पर स्थित है, जबकि आग आईटीओ स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के परिसर में लगी थी। मंत्रालय ने कहा कि गलत जानकारी फैलने से रोकने के लिए यह स्पष्टीकरण जारी किया गया है।

दूसरी मंजिल पर लगी थी भीषण आग

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह इमारत की दूसरी मंजिल से धुआं निकलता देखा गया। इसके बाद परिसर में मौजूद लोगों में हलचल मच गई। एहतियात के तौर पर भवन के अंदर मौजूद सभी लोगों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया और दमकल विभाग को सूचना भी दी गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह करीब साढ़े नौ बजे घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही कई दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोक लिया। अधिकारियों के अनुसार आग ज्यादा बड़ी नहीं थी और थोड़ी ही देर में उस पर काबू पा लिया गया।

कांग्रेस ने साधा निशाना

प्रशासन का कहना है कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। फिलहाल आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। आग की घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर निशाना साधते हुए शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था पहले से ही कई समस्याओं का सामना कर रही है और सरकार को इस दिशा में गंभीर कदम उठाने चाहिए।

Created On :   1 Jun 2026 3:25 PM IST

Tags

Next Story