Delhi Protest: राजधानी में प्रदर्शन का असर! कई प्रमुख सड़कों पर थम सकती हैं गाड़ियों की रफ्तार, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के चलते यातायात पर असर पड़ सकता है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार (13 अक्टूबर) के लिए लोगों को जरूरी जानकारी दी है। राजधानी की कई सड़कों और चौराहों पर गाड़ियों की आवाजाही धीमी हो सकती है। कुछ रास्तों पर वाहनों को दूसरे मार्ग से भेजा जा सकता है। हालांकि, हर जगह रास्ता बंद होगा, ऐसा जरूरी नहीं है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि लोग बिना जरूरी काम के प्रभावित इलाकों में जाने से बचें। घर से निकलने से पहले रास्ते की जानकारी लें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
यह भी पढ़े -नशीले कफ सिरप मामले में STF का बड़ा एक्शन, देहरादून से इनामी आरोपी गिरफ्तार, फैक्ट्री से मिली थीं 70 हजार से ज्यादा शीशियां
दिल्ली के इन रास्तों पर हो सकती है परेशानी
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, पंचकुइयां और मंडी हाउस गोल चक्कर के आसपास गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और गुरु नानक चौक पर भी जाम लगने की आशंका है। चेम्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस के बाहरी सर्कल, भैरों रोड, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद गोल चक्कर और सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग के चौराहे पर भी वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है।
इन इलाकों में भी धीमी हो सकती है गाड़ियों की रफ्तार
भीकाजी कामा प्लेस, मोती बाग फ्लाईओवर, रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग और अशोका रोड-जंतर मंतर रोड के आसपास भी ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। रेल भवन गोल चक्कर, जय सिंह रोड, संसद मार्ग और पटेल चौक पर भी जाम लग सकता है। इसके अलावा कनॉट प्लेस, बाराखंभा रोड, आरएमएल अस्पताल गोल चक्कर और संसद मार्ग के आसपास भी आने-जाने में दिक्कत हो सकती है। इन रास्तों से गुजरने वाले लोगों को घर से थोड़ा पहले निकलना चाहिए।
यह भी पढ़े -जंतर मंतर से कितने दूर प्रदर्शन के नए स्थल, नए प्रोटेस्ट प्वाइंट कितने अहम, एक ने देखा है श्यामा प्रसाद मुखर्जी और जय प्रकाश का आंदोलन
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को क्या सलाह दी?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि इन जगहों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। हालात को देखते हुए रास्तों में बदलाव किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर गाड़ियों को दूसरे रास्तों से भेजा जाएगा। इसी के साथ ही, पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक के संकेतों पर ध्यान दें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की बात मानें।
Created On :   13 Oct 2026 9:11 AM IST












